इंदौर के लालाराम नगर गार्डन से गुरुवार रात लापता हुए दोनों बच्चों को पुलिस ने अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छुड़ा लिया है। तीनों अपहरणकर्ताओं को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। गार्डन में क्रिकेट खेल रहे दोनों बच्चों के पास राधिका नाम की एक युवती आई । वह युवती दो-तीन दिन से गार्डन में आ रही थी और दोनों बच्चे भी रोज गार्डन जाते थे। गुरुवार को  राधिका ने अपने मोबाइल फोन पर पालतू जानवरों के फोटो दिखाए और कहा कि वे पालतू जानवर उन्हें दे देगी। इसके बाद बच्चे युवती के साथ पैदल चले गए। एक दुकान से युवती ने बच्चों को कुछ खाने-पीने की वस्तुएं भी दिलाईं। फिर युवती उन्हें एक फ्लैट पर ले गई। वहां उसके दो साथी भी मौजूद थे। फिर युवती ने नैतिक की मां के फोन पर कॉल किया और कहा कि दोनों बच्चे उसके कब्जे में हैं और बच्चे वापस चाहिए तो पंद्रह लाख रुपये देने होंगे। इसके बाद पुलिस सक्रिय हुई, लेकिन कुछ देर बाद युवती ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया। आशंका है कि बस्ती का कोई व्यक्ति भी अपहरण कर्ताओं से मिला हुआ था l जो  घटनाक्रम के बाद की पल-पल की जानकारी आरोपियों को दे रहा था। पुलिस ने आरोपियों को राजेंद्र नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। युवती राधिका एक कंपनी में काम करती है।