बुरहानपुर l शाहपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। केले की फसल के बीच उगाई जा रही गांजे की खेती का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने आरोपी के खेत से 10 किलो 500 ग्राम वजनी पांच गांजे के पौधे जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 50 हजार रुपए बताई जा रही है। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। शाहपुर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बंडसिंगी निवासी संतोष  पाटिल अपने केले के खेत में अवैध रूप से गांजे की खेती कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम केले के व्यापारी बनकर आरोपी के खेत तक पहुंची और दबिश दी। कार्रवाई के दौरान खेत में केले की फसल के बीच गांजे के पौधे लगे हुए मिले। मौके पर मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम संतोष पाटिल बताया।पुलिस ने आरोपी से गांजे की खेती संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह कोई अनुमति या दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने खेत से 05 हरे गांजे के पौधे, कुल वजन 10 किलो 500 ग्राम जब्त कर लिए।

मामला दर्ज कर विवेचना शुरू
थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा ने बताया कि जब्त गांजे की कीमत करीब 50 हजार रुपए आंकी गई है। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 247/2026 के तहत धारा 8/20(ए) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह गांजे की खेती कब से कर रहा था और इसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति या नेटवर्क तो नहीं जुड़ा है।