MP - पुलिस से बचकर भागते तस्करों की एस्कॉर्ट कार ने मचाई तबाही
गुना में नशे के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। मावन गांव में डोडा चूरा से भरे ट्रक को पकड़ने पहुंची नीमच नारकोटिक्स टीम को देखकर भाग रही तस्करों की एस्कॉर्ट कार ने कहर बरपा दिया। पहले बाइक सवार एक परिवार को कुचला, फिर दूसरी बाइक और सड़क किनारे खड़े लोगों को भी अपनी चपेट में ले लिया।सूचना के आधार पर टीम ने मावन पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी की। वहां डीजल भरवा रहे एक ट्रक को रोककर जांच की गई तो उसमें लगभग तीन करोड़ मूल्य का करीब 25 से 30 क्विंटल डोडा चूरा बरामद हुआ। ट्रक को घिरा देख उसे एस्कॉर्ट कर रही एक कार ने अचानक यू-टर्न लिया और 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से भाग निकली। भागते समय कार पहले गुना की तरफ गई और फिर अशोकनगर रोड की ओर मुड़ गई। शाम करीब 7:30 बजे मावन के आगे एक मोड़ पर कार ने बाइक पर सवार पति-पत्नी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर बैठा उनका चार वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।कार यहीं नहीं रुकी। आगे जाकर उसने घर के बाहर खड़ी दूसरी बाइक को टक्कर मारी। इस हादसे में पास खड़े कुछ ग्रामीण भी घायल हो गए। रफ्तार इतनी तेज थी कि कार ने एक पेड़ को भी उखाड़ दिया और एक मकान से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया।
हादसे के तुरंत बाद नारकोटिक्स टीम के जवानों ने घायल बच्चे को अपनी गाड़ी से जिला अस्पताल पहुंचाया। बच्चे का इलाज जारी है। वहीं गंभीर रूप से घायल गोवर्धन कुशवाह को प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है।घेराबंदी के बाद पुलिस ने ट्रक चालक मोहम्मद साहिल अंसारी, निवासी झारखंड और फरार हुई कार के चालक विजेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया है।


