लंदन में आज ब्रिटिश पार्लियामेंट में आयोजित सम्मान समारोह में मध्य प्रदेश पुलिस की ओर से उपस्थित हुए एडीजी नारकोटिक्स के पी वेंकटेश्वर राव को पुरस्कृत किया गया l यूके में मध्य प्रदेश पुलिस को सम्मानित किया जाना वास्तव में एक गौरवशाली क्षण हैं जिसके लिए मध्य प्रदेश पुलिस की जितनी भी सराहना की जाए उतनी कम है l  दरअसल मध्य प्रदेश पुलिस ने नशे के विरुद्ध 15 दिवसीय "नशे से दूरी - है जरूरी" राज्यव्यापी जन जागरूकता अभियान चलाया था l जिसकी व्यापकता प्रभावशीलता और वृहद स्तर पर जनसहभागिता के चलते इस अभियान ने वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम किया था l इस अभियान में 23 लाख लोगों ने प्रत्यक्ष से तथा सोशल मीडिया के माध्यम से 6.35 करोड़ लोगों ने सहभागिता की थी l पुलिस मुख्यालय में वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के सीईओ संतोष शुक्ला स्वयं आए थे और उन्होंने मध्य प्रदेश पुलिस के डीजीपी कैलाश मकवाना तथा एडीजी नारकोटिक्स के पी वेंकटेश्वर राव से भेंट कर उन्हें सर्टिफिकेट प्रदान किया था और 13 सितंबर को ब्रिटिश पार्लियामेंट में आयोजित होने वाले सम्मान समारोह में डीजीपी कैलाश मकवाना को आमंत्रित किया था  l डीजीपी मकवाना के नेतृत्व में नशे के प्रति जागरूक करने के लिए " हमारा है यही संदेश. नशा मुक्त हो मध्य प्रदेश " की थीम पर अभियान चलाया गया था l डीजीपी कैलाश मकवाना का कहना है कि हमारा उद्देश्य कभी भी कोई विश्व रिकॉर्ड बनाना नहीं था l हमारा असली मकसद था कि अधिक से अधिक लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाए l यदि इस अभियान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिली है तो यह हम सभी पुलिसकर्मियों, सहयोगी संस्थाओं और प्रदेश की जनता के समर्पण का ही परिणाम है l