मुंबई । अभिनेत्री मनीषा कोइराला ने नेपाल में प्रदर्शनकारियों पर हुई हिंसक कार्रवाई के खिलाफ आवाज़ उठाई है और इसे देश के लिए 'काला दिन' बताया है। उनकी यह टिप्पणी जनरेशन ज़ेड के प्रदर्शनकारियों द्वारा किए गए भीषण उपद्रव के बाद आई है, जो भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सरकार के विवादास्पद प्रतिबंध के विरोध में सड़कों पर उतरे थे। बॉलीवुड अभिनेत्री मनीषा कोइराला ने अपने दादा एवं नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री बिश्वेश्वर प्रसाद कोइराला को श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें एक ऐसे व्यक्ति के रूप में याद किया जिन्होंने ‘‘प्रेम, संघर्ष और लचीलेपन को आवाज दी थी।’’ कोइराला ने सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ पर यह पोस्ट ऐसे समय में साझा की है जब पड़ोसी देश में सरकार के खिलाफ हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं। वेबसीरीज ‘हीरामंडी’ की अभिनेत्री ने ‘इंस्टाग्राम’ पर पोस्ट में अपने दादा की एक तस्वीर भी साझा की।