मुंबई । भारत जोड़ो यात्रा के बाद अब राहुल गांधी मणिपुर से मुंबई तक भारत न्याय यात्रा की तैयारी में हैं। आगामी 14 जनवरी से कांग्रेस पार्टी की भारत न्याय यात्रा शुरू होगी। राहुल गांधी मणिपुर से मुंबई तक जाएंगे। रिपोट्र्स के मुताबिक कांग्रेस के इस आयोजन में पार्टी आलाकमान के अलावा प्रदेश कांग्रेस के तमाम नेता भी शिरकत करेंगे। इस दौरान यात्रा 14 राज्य और 85 जिलों को कवर करेगी। इस दौरान राहुल गांधी बस से और पैदल 6 हजार 200 किलोमीटर से ज्यादा की यात्रा करेंगे।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि यात्रा के दौरान युवाओं, महिलाओं और हाशिए पर मौजूद लोगों से बातचीत करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कई प्रदेशों से गुजरी इससे पहले भारत जोड़ो पदयात्रा के बाद राहुल गांधी और कांग्रेस के पास बड़ा अनुभव है। वेणुगोपाल ने कहा कि भारत न्याय यात्रा 6,200 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। मणिपुर से शुरुआत के बाद कांग्रेस नेता नागालैंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात के कुछ हिस्सों में भी जाएंगे। सबसे अंत में भारत न्याय यात्रा महाराष्ट्र पहुंचेगी। मुंबई में 20 मार्च को यात्रा का समापन होगा।
मणिपुर से यात्रा की शुरुआत को कांग्रेस का सियासी निशाना भी माना जा रहा है। बता दें कि इसी साल मई महीने में हिंसक घटनाओं और जातीय टकराव के कारण मणिपुर लगातार सुर्खियों में रहा था। संवेदनशील हालात को देखते हुए खुद गृह मंत्री अमित शाह को मणिपुर दौरा करना पड़ा था। कूकी और मैतेई समुदाय के टकराव और हिंसा के दौरान महिलाओं की नग्न परेड जैसी शर्मसार करने वाली घटनाएं भी सामने आई थीं। इस मुद्दे पर संसद में भी हंगामा हुआ था।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े इस यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। भारत न्याय यात्रा का मकसद आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक न्याय है। इस यात्रा में राहुल युवाओं, महिलाओं और हाशिए पर पड़े लोगों से मुलाकात करेंगे। बस यात्रा से ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचा जाएगा। यात्रा में कुछ छोटे हिस्से को रुक-रुक कर पैदल भी कवर किया जाएगा। इसके अलावा 28 दिसंबर को कांग्रेस के स्थापना दिवस के मौके पर पार्टी नागपुर में महारैली करेगी। इसका नाम है- हैं तैयार हम। इस महारैली से 2024 लोकसभा चुनाव का शंखनाद होगा।