सड़कों से होकर निकलता है विकास का रास्ता: मंत्री श्री राकेश सिंह
जबलपुर l लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने रविवार को गढ़ा स्थित पंडा की मढि़या से आनंद कुंज तिराहे तक 497.33 लाख रुपए की लागत से निर्मित 850 मीटर लंबी सीसी सड़क का लोकार्पण किया। उन्होंने पंडा की मढि़या में पूजा-अर्चना कर रिबन खोलकर सड़क का लोकार्पण किया और पैदल चलकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। मार्ग में विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारी संगठनों ने उनका फूल-मालाओं और आतिशबाजी से भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य सुमित्रा वाल्मीकि, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, भाजपा के नगर अध्यक्ष श्री रत्नेश सोनकर भी मंचासीन थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री सिंह ने कहा कि "विकास का रास्ता सड़क से ही होकर निकलता है। बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, व्यापार व हर क्षेत्र की प्रगति अच्छी सड़कों पर निर्भर करती है।" उन्होंने कहा कि कुछ वर्ष पहले यह सड़क केवल 17 फीट चौड़ी थी, इसे अब 53 फीट तक विस्तारित किया गया है। इससे क्षेत्र की तस्वीर और व्यापार दोनों बदलेंगे। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान लोगों को असुविधा जरूर हुई, लेकिन ये भविष्य की खुशहाली का आधार बनेगी।
मंत्री श्री सिंह ने व्यापारियों से सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि व्यवस्थित बाजार से ग्राहकों की संख्या बढ़ेगी और व्यापार को भी गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि पश्चिम विधानसभा में 194 विकास कार्यों में से 73 कार्य पूरे हो चुके हैं तथा शेष प्रगति में हैं।
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि जबलपुर तेजी से आधुनिक शहर के रूप में विकसित हो रहा है। शहर में हुए फ्लाईओवर, आईटी पार्क, एयरपोर्ट विस्तार जैसे बड़ी परियोजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 118 किलोमीटर लंबी रिंग रोड, नए फ्लाईओवर और रेल ओव्हर ब्रिज और नर्मदा घाटों का विकास जैसी बड़ी परियोजनाएं जबलपुर को नई पहचान देंगी।
श्री सिंह ने कहा कि लोक निर्माण मंत्री बनने के बाद उनका संकल्प "लोक निर्माण से लोक कल्याण" का रहा है। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा, क्योंकि विकास कार्यों में जनता का पैसा लगता है।
श्री सिंह ने विधानसभा क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेशभर की जिम्मेदारियों के बावजूद उन्होंने पश्चिम विधानसभा की उपेक्षा नहीं होने दी। प्रत्येक वार्ड में लगातार दौरे, विकास कार्यों की मॉनिटरिंग और जनसमस्याओं के समाधान के लिए सर्वसुविधायुक्त कार्यालय भी तैयार किया गया है। अपने संबोधन में उन्होंने क्षेत्रवासियों के स्नेह और विश्वास के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का भरोसा ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और वे पूरी निष्ठा के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाते रहेंगे।
कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने गुजरात में हाल ही में संपन्न हुई 15वीं मॉर्डन पेंटाथलॉन नेशनल चेम्पियनशिप में गोल्ड मैडल प्राप्त करने वाली अनामिका कोष्ठा को 25 हजार रूपये की राशि प्रदान कर सम्मानित किया।
श्री अभय सिंह ठाकुर, श्री कौशल सूरी, श्री शैलेन्द्र विश्वकर्मा, श्री प्रणय गुप्ता, श्री अशोक मनोध्या सहित गढ़ा क्षेत्र के विभिन्न समितियों के सदस्य व मंडल अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीयजन भी कार्यक्रम में मौजूद थे।


