नई ‎दिल्ली । इस साल 2023 में सा‎वित्री ‎जिंदल ने कमाई के मामले में सब को पीछे छोड़ ‎दिया है। ब्लूमबर्ग इंडेक्स के अनुसार उनकी कुल संपत्ति सबसे अधिक 9.5 अरब डॉलर तक बढ़ी है। इस साल मुकेश अंबानी, गौतम अदाणी या कुमार बिड़ला ने अपनी कुल संपत्ति में सबसे अधिक इजाफा नहीं किया है। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार 19 दिसंबर तक, 25.3 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ सावित्री भारत की सबसे अमीर महिला हैं। बता दें ‎कि सावित्री अपने दिवंगत पति ओम प्रकाश जिंदल द्वारा स्थापित 23 अरब डॉलर के ग्रुप ओपी जिंदल ग्रुप को नियंत्रित करती हैं। नई दिल्ली स्थित समूह की जेएसडब्ल्यू स्टील, जेएसडब्ल्यू स्टील एंड पावर, जेएसडब्ल्यू एनर्जी, जिंदल सॉ और जिंदल स्टेनलेस सहित अन्य में हिस्सेदारी है। इनमें से अधिकांश कंपनियों ने 2023 में भारतीय शेयर बाजारों में तेजी देखी है, जिससे सावित्री की कुल संपत्ति में वृद्धि हुई है। वर्तमान में जेएसडब्ल्यू स्टील में उनकी हिस्सेदारी 7.20 अरब डॉलर है, इसके बाद जिंदल स्टील एंड पावर में 4.72 अरब डॉलर है। ग्रुप के पास जेएसडब्ल्यू इंफ्रास्ट्रक्चर में भी 83 फीसदी हिस्सेदारी है, जो इस साल अक्टूबर में सार्वजनिक हुई थी। सूचीबद्ध होने के बाद से, कंपनी के शेयरों में भारतीय शेयर बाजारों में 44 प्रतिशत से अधिक का उछाल आया है। 
ब्लूमबर्ग की ‎रिपोर्ट के मुताबिक, जेएसडब्ल्यू इंफ्रास्ट्रक्चर में सावित्री की हिस्सेदारी फिलहाल 4.95 अरब डॉलर है। हालां‎कि धन लाभ के मामले में, 73 वर्षीय सावित्री के बाद रियल एस्टेट डेवलपर डीएलएफ लिमिटेड के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी केपी सिंह हैं। सिंह की कुल संपत्ति 2023 में 7.15 अरब डॉलर से बढ़कर 15.4 अरब डॉलर हो गई। यह मुख्य रूप भारतीय शेयर बाजारों में रियल्टी शेयरों में तेजी के कारण हुआ था। इस समय डीएलएफ के शेयर की कीमत 2023 में लगभग 84 प्रतिशत उछली है, जो 2 जनवरी को 380.25 रुपये से बढ़कर 19 दिसंबर को 699.65 रुपये हो गई। सिंह के बाद आदित्य बिड़ला समूह के अध्यक्ष कुमार बिड़ला का नंबर आता है। बिड़ला ग्रुप के पास भारत की सबसे बड़ी सीमेंट निर्माता ग्रासिम इंडस्ट्रीज में एक तिहाई हिस्सेदारी भी है। 
रिलायंस ग्रुप के मुकेश अंबानी की बात करें तो वह दुनिया में 13वें नंबर पर हैं। वह मौजूद 92.3 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ सबसे अमीर भारतीय हैं। 2023 में उनकी कुल संपत्ति 5.16 अरब डॉलर बढ़ गई। नेट वर्थ में उनके बाद गौतम अदाणी हैं, जिनकी कुल संपत्ति 85.1 अरब डॉलर है। अदाणी की संपत्ति में 35.4 अरब डॉलर की गिरावट ‎जिसका कारण अमेरिकी शॉर्ट-सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च की एक रिपोर्ट के बाद हुई बिकवाली थी। अंबानी और अदाणी के बाद पल्लोनजी मिस्त्री के बेटे शपूर मिस्त्री थे, जिनकी कुल संपत्ति 34.1 अरब डॉलर थी।