फिर मिला नीले ड्रम में पति का शव, ऊपर से ड्रम में भर दिया नमक
यूपी के मेरठ की तरह ही लव स्टोरी और हत्याकांड राजस्थान के अलवर जिले में हुआ है। मेरठ के सौरभ राजपूत की तरह ही हंसराम की हत्या कर दी गई है । सौरभ की तरह हंसराम का शव भी नीले ड्रम में मिला। हंसराम का गला रेतकर हत्या करके ड्रम में भरकर ऊपर से नमक डाल दिया गया, ताकि शव गल जाए। गांव खैरथल में 17 अगस्त की शाम को आदर्श कॉलोनी में एक घर से नीले रंग के ड्रम में युवक की लाश मिली। जिसकी पहचान हंसराम के रूप में हुई है और उसकी हत्या का आरोप पत्नी लक्ष्मी और उसके प्रेमी जितेंद्र पर लगा है। प्रेमी और लक्ष्मी को जेल भेजा गया है । जितेंद्र मकान मालिक का बेटा है। हंसराम की लाश छत पर रखे नीले ड्रम में मिली। गला धारदार हथियार से रेता हुआ था और शव को गलाने के लिए ड्रम में नमक डाला हुआ था। लक्ष्मी और उसका प्रेमी जितेंद्र जब हंसराम का बेरहमी से कत्ल कर रहे थे तब हंसराम के मासूम बच्चे घटनास्थल पर ही मौजूद थे। हंसराम के मासूम बेटे ने मां और उसके प्रेमी के हाथों अपने पिता का कत्ल होते देखा था। पुलिस ने जब बेटे से पिता की मौत के बारे में पूछा तो मासूम ने एक-एक घटनाक्रम विस्तार से बताया, जिसे सुनकर पुलिसकर्मियों के भी होश उड़ गए।
मासूम बेटे ने बताया, 15 अगस्त की रात को घर में खूब झगड़ा हुआ था। पापा (हंसराम) छत पर बैठे थे और मम्मी से झगड़ा कर रहे थे। तभी अंकल (जितेंद्र) नीचे से आए। पापा ने कहा, जाओ शराब ले आओ। इस पर अंकल शराब ले आए। फिर उन्होंने शराब पी। इसके बाद पापा मम्मी से झगड़ा करने लगे।अंकल ने पापा से कहा, क्यों मार रहा है। तब पापा ने अंकल को मारने के लिए लोहे का औजार उठा लिया। तभी मम्मी ने पापा को पीछे से पकड़ लिया और लड़ाई और बढ़ गई। अंकल ने पापा को नीचे गिराया और तकिए से उनका मुंह दबा दिया। मम्मी ने पापा के पैर पकड़ लिए थे। मासूम बेटे ने बताया कि अगले दिन 16 अगस्त की सुबह पापा को अंकल ड्रम में डाल रहे थे। मुझे देखकर अंकल बोले-रात में तुम्हारे पापा काफी झगड़ा कर रहे थे। मजबूर होकर तेरे पापा को मारना पड़ा।17 अगस्त को जितेंद्र की मां मिथिलेश ने ड्रम में बदबू आने पर पुलिस को खबर दी थी। फिलहाल तीनों बच्चों को हसंराम के परिवार को सौंप दिया गया है।



