कटनी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कटनी जिले के बहोरीबंद में 1011.05 करोड़ की लागत की उद्वहन माइक्रो सिंचाई परियोजना के निर्माण कार्यों और 55 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमि-पूजन कर कार्यक्रम को संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान श्रीराम अपने 14 वर्ष के वनवास के दौरान बहोरीबंद की पावन भूमि से होकर चित्रकूट गए थे। यह श्रीराम की तपोस्थली है। इस क्षेत्र की जनता को पिछले 40 वर्षों से जिस योजना का इंतज़ार था, वह आज पूरी होने जा रही है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बहोरीबंद विधानसभा के हर गांव के खेत को सिंचाई का पानी और हर घर में पीने का नल से जल उपलब्ध कराया जाएगा। भाजपा सरकार बहोरीबंद विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे कटनी जिले के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। खजुराहो लोकसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास कर देश में नंबर एक बनाना है। कार्यक्रम को कटनी जिले के प्रभारी मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने भी संबोधित किया। वर्षों पुरानी सिंचाई परियोजना की मांग पूरी होने पर क्षेत्रीय जनता ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा का आभार जताया।
4 तहसीलों के 151 गांव की 32 हजार हेक्टयर ज़मीन सिंचित होगी - डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बहोरीबंद परियोजना से कटनी जिले की 4 तहसीलों के 151 गांव की 32 हजार हेक्टयर ज़मीन सिंचित होगी। इससे हर खेत के लिए जल की हर बूंद का कृषक स्प्रिंकलर, ड्रिप आदि पद्धति से उपयोग कर सकेंगे। नहर बनाने के लिए जमीन का प्रयोग नहीं किया जाएगा सीधे ही पानी खेत के लिए उपलब्ध हो सकेगा। परियोजना से कटनी के नागरिकों को पेयजल आपूर्ति के प्रयास भी किये जाएगें। हमने कटनी जिले में विकास के लिये 55 करोड़ के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन भी किया है। यह परियोजना प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के “ड्राप मोर क्रॉप“ अर्थात पानी की बूंद-बूंद का उपयोग कर अधिकतम उत्पादन लेने के लिए किये गए आहवान पर क्रियान्वित होगी। इसमें भूमि बचाव एवं जल बचाव के उद्धेश्य के साथ खेतों में पानी पहुंचाया जायेगा। उन्होंने कहा कि आज बहोरीबंद की जनता होली और दिवाली एक साथ मना रही है। बारिश में भी कटनी के लोगों मे असीम उत्साह देखकर मेरा हृदय प्रफुल्लित हो गया है।
अयोध्या की तर्ज पर चित्रकूट धाम को भव्य और दिव्य बनाया जाएगा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अयोध्या की तर्ज पर चित्रकूट धाम को भव्य और दिव्य बनाया जाएगा। गोपाल कृष्ण के नाम पर प्रदेश की सभी नगर पंचायत, नगर पालिका और नगर निगम में भगवत गीता के 18 अध्यायों पर केन्द्रित गीता भवन बनाये जायेंगे। साथ ही हर विकासखण्ड में वृंदावन के समान आदर्श गांव बनाया जाएगा। बहोरीबंद को 15 वार्ड जोड़कर नगर परिषद बनाया जाएगा। जिले के गाताखेड़ा, जुझारी, जमुनिया, सिहरिया, बेजनाला, जमुन्हाई में जलाशय बनाने के साथ बहोरीबंद जलाशय का पुनरुद्धार करने और बहोरीबंद के प्राचीन तीर्थ रूपनाथ, तिगवा, बिलहरी, वसुधा जल-प्रपात, केन नदी के उदगम स्थल को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बहोरीबंद मे “हरिबाबा हरिदास“ के नाम पर धर्मशाला बनाई जायेगी।
पीने के पानी के लिए केंद्र से मंजूर कराएंगे योजना - श्री विष्णुदत्त शर्मा
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने 32 हजार हेक्टेयर खेतों की सिंचाई के लिए 1100 करोड़ रूपए की परियोजना का कार्य शुरू कर दिया है। अब हर घर में पीने का पानी नल के माध्यम से पहुंचाने के लिए 284 करोड़ की योजना तैयार है, उस परियोजना को जल्द ही केंद्र सरकार से मंजूरी दिलाई जाएगी। बहोरीबंद क्षेत्र की जनता की वर्षों पुरानी मांग को भाजपा सरकार ने पूरा कर दिया है। मध्यप्रदेश में वर्ष 2003 में जब से भाजपा सरकार बनी है, तब से प्रदेश का लगातार विकास किया जा रहा है। 
विकास के सभी आयाम पूरे किए जाएंगे
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कटनी जिले की धरती रत्नगर्भा है। भाजपा सरकार कटनी जिले का हर क्षेत्र में लगातार विकास कर रही है। भाजपा सरकार कटनी और बहोरीबंद के विकास के सभी आयाम पूरे किए जाएंगे। भाजपा सरकार हर व्यक्ति के विकास व आर्थिक उत्थान के लिए कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को आप सभी लोगों के साथ कितना स्नेह है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे घनघोर बारिश में आज आपके बीच आए हैं। 
कटनी सहित समूचे खजुराहो लोकसभा क्षेत्र को नंबर एक बनाना है
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि बहोरीबंद क्षेत्र में सड़कों सहित अन्य विकास कार्यों की कई सौगातें भाजपा सरकार ने दी हैं। मैं अपने खजुराहो संसदीय क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रहा हूं। इस क्षेत्र के हर गांव, मोहल्ले का पूरा विकास कर खजुराहो लोकसभा क्षेत्र को देश में नंबर एक बनाना है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने देश में चार जातियां बताई हैं, गरीब, युवा, महिला और किसान। प्रधानमंत्री जी चारों जातियों के कल्याण के लिए कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की नेतृत्व वाली भाजपा सरकार भी हर गरीब के चेहरे पर खुशी लाने का कार्य कर रही है।
हितग्राहियों को हितलाभ वितरण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किये। उन्होंने श्रीमदभागवत गीता का संस्कृत से हिंदी अनुवाद करने वाली बालिका सुश्री श्रद्धांजलि शुक्ला “अंजन“ को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री को कार्यक्रम में बहोरीबंद की जनता की ओर से रजत मुकुट भेंट किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम स्थल पर आजीविका मिशन के महिला समूहों, ई-गवर्नेंस, कृषि, वन, महिला बाल विकास एवं उद्योग विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री व विधायक श्री संजय सत्येन्द्र पाठक, विधायक श्री प्रणय प्रभात पांडेय, श्री संदीप जायसवाल, श्री धीरेन्द्र बहादुर सिंह सहित जन-प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान, जनसमुदाय एवं लाड़ली बहनें उपस्थित रहीं।