शाजापुर कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने आज ग्राम सुनेरा के किसान श्री मनोहर सिंह गोठवाल के खेत में जाकर ड्रोन से किये जा रहे नेनों यूरिया के छिड़काव का अवलोकन किया। यहां कलेक्टर ने किसान श्री मनोहर सिंह एवं ड्रोन चलाने वाले श्री संजय गुर्जर से चर्चा कर पूरी प्रक्रिया जानी। किसान श्री मनोहर गोठवाल ने बताया कि रासायनिक उर्वरकों के उपयोग एवं पराली व फसलों के अवशेष जलाने के कारण भूमि की उर्वरा शक्ति कम हो रही है, इसे देखते हुए जैविक खेती की ओर आगे बढ़ रहे हैं। वे विगत 02 वर्षों से अपने खेतों में पराली नहीं जलाते, बल्कि रोटावेटर एवं अन्य उपकरणों की सहायता से फसलों के अवशेषों को काटते हैं और गहरी जुताई कर उन्हें भूमि में ही नष्ट होने के लिए छोड़ देते हैं, इससे फसलों के अवशेष से भी खाद बन रही है और भूमि की उर्वरा शक्ति में वृद्धि भी हो रही है। इस मौके पर ईफको के श्री महेन्द्र पटेल ने ड्रोन से स्प्रे की जानकारी दी। इस अवसर पर उपसंचालक कृषि श्री केएस यादव तथा सुनेरा सरपंच श्री सुखराम यादव भी उपस्थित थे।