बुरहानपुर जिले के ग्राम सिंधखेड़ा में विश्व मृदा दिवस के उपलक्ष्य में ‘‘स्वस्थ धरा खेत हरा‘‘ की थीम पर कृषि विभाग, कृषि विज्ञान केन्द्र एवं आगा खां द्वारा एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मृदा स्वास्थ्य को कैसे बना कर रखें तथा मृदा की उर्वरा शक्ति को कैसे बढ़ाया जा सकता है। इस संबंध में विस्तृत रूप से जानकारी दी गई। इस अवसर पर डॉ कार्तिकेय सिंह द्वारा, फसल चक्र अपनाने एवं फसल चक्र में दलहनी फसलों को शामिल करने की सलाह दी गई। उन्होंने रोग एवं कीट प्रबंधन के संबंध में जागरूक भी किया। कार्यशाला में डॉ संदीप सिंह ने मिट्टी परीक्षण हेतु नमूना लेने की विधि, मिट्टी परीक्षण का महत्व तथा मृदा स्वास्थ्य को बनाये रखते हुए कैसे भरपूर उत्पादन लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिये संसाधनों का समुचित उपयोग किया जाये। विश्व मृदा दिवस कार्यक्रम के अवसर पर एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में रैली, प्रश्नोत्तरी एवं अन्य गतिविधियों का आयोजन भी किया गया।