नई दिल्ली। भाजपा अपनी संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया के अंतिम चरण में है, भाजपा के मौजूदा अध्यक्ष केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा बीते चार सालों से अधिक समय से पार्टी के अध्यक्ष पद पर काबिज हैं। पिछले साल उनका कार्यकाल खत्म हो चुका था। लेकिन लोकसभा चुनाव के मद्देनजर उनका कार्यकाल बढ़ा दिया गया था। पार्टी का अगला अध्यक्ष कौन होगा इस पर मंथन जारी है। भाजपा को होली से पहले नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल जाएगा। अब अध्यक्ष पद को लेकर कई नाम भी सामने आ रहे हैं। लेकिन सूत्रों के अनुसार पीएम मोदी के पुराने साथी और संघ के प्रचारक रहे मनोहर लाल खट्टर का नाम सबसे ऊपर है।                                   मैं और मनोहर लाल पुराने साथी हैं। मनोहर लाल के पास एक मोटरसाइकिल रहती थी। वो उसे चलाते थे। मैं पीछे बैठता था। रोहतक से निकलता था। गुरुग्राम में पहुंचता था। उस समय पूरा सफर मोटरसाइकिल पर गुजरता था। आज मुझे खुशी हो रही है कि हम भी साथ है और आपका भविष्य भी साथ है। गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खट्टर को लेकर यह पुराना किस्सा सुनाया था। उस वक्त मनोहर लाल खट्टर हरियाणा के मुख्यमंत्री हुआ करते थे।