सामग्री क्रय में अनियमित्ता के प्रकरण में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई
भोपाल l नगरीय विकास एवं आवास विभाग के आयुक्त श्री संकेत भोंडवे ने नगरीय निकायों में सामग्री क्रय में अनियमित्ता बरतने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की है। नगर पालिका परिषद सिवनी में सामग्री क्रय में अनियमित्ता संबंधी शिकायत श्री संतोष कुमार साहू द्वारा की गई थी।
प्रकरण में जांच के लिये अधीक्षण यंत्री संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की अध्यक्षता में तीन सदस्यी जाँच समिति का गठन किया गया। समिति द्वारा की गई जाँच में नगर पालिका परिषद सिवनी के प्रभारी सहायक यंत्री संतोष कुमार तिवारी, उप यंत्री विकास मेहरा, वंदना मरकाम, बिंदेश्वरी पंद्रे, दीपक उइके, तत्कालीन नगर पालिका अधिकारी पूजा बुनकर और मुख्य नगर पालिका अधिकारी राम कुमार कुर्वेती की भूमिका संदिग्ध पाई गई एवं सभी को दोषी ठहराया गया।
दोष सिद्ध होने पर प्रभारी सहायक यंत्री संतोष कुमार तिवारी जुलाई 2023, जुलाई 2024 एवं जुलाई 2025 स्वीकृत वार्षिक वेतन वृद्धि निरस्त कर दी गई है। उप यंत्री विकास मेहरा, वंदना मरकाम, बिंदेश्वरी पंद्रे और दीपक उइके आगामी एक वेतन वृद्धि संचयी प्रभाव से रोकी गई। मुख्य नगर पालिका अधिकारी पूजा बुनकर की दो वेतन वृद्धि संचयी प्रभाव से रोकी गई है। तत्कालीन मुख्य नगर पालिका अधिकारी राम कुमार कुर्वेती का निधन हो जाने के कारण उनके विरूद्ध लंबित अनुशानात्मक कार्रवाई समाप्त कर दी गई है। आयुक्त श्री संकेत भोंडवे ने कहा है कि विभाग में आर्थिक अनियमित्ताओं एवं भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों को अत्यंत गंभीरता से लिया जा रहा है। इस प्रकार के प्रकरणों में दोषियों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। विभाग में पारदर्शिता एवं जबावदेही बनाएं रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।



