कृषि विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित
सीहोर l कृषि विभाग के उप संचालक कार्यालय में विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि विभाग के उप संचालक श्री अशोक कुमार उपाध्याय ने विभागीय सीएम हेल्पलाइन की विकास खण्डवार समीक्षा की और अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित और संतुष्टिपूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने रबी सीजन में उर्वरक वितरण की पर्याप्त व्यवस्थाएं करने और उर्वरकों की कालाबाजारी रोकने के लिए विक्रय केंद्रों का सतत भ्रमण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बैठक में अधिकारियों को गुण नियंत्रण कार्यक्रम, मिट्टी परीक्षण, फसल बीमा, बलराम तालाब, नलकूप, बायोगैस एवं एनएफएसएम दलहन, तिलहन योजनाओं की समीक्षा कर आवंटित लक्ष्यों को शत प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सभी विकास खण्ड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी उपस्थित थे।


