उप संचालक कृषि ने सोना सीड कंपनी का किया निरीक्षण
सीहोर l किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के उप संचालक श्री अशोक कुमार उपाध्याय ने आष्टा स्थित सोना सीड कंपनी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कंपनी में गेंहू, चना और मसूर के बीजों के उत्पादन कार्यों की जानकारी ली और संपूर्ण प्रक्रिया का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने बीज उत्पादन एवं प्रसंस्करण कार्य को निर्धारित मानक प्रक्रिया के अनुसार संचालित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बीजों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, मानकों के अनुरूप पैकिंग करने तथा भंडारण व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कंपनी के उत्पाद रजिस्टर, प्लांट रजिस्टर सहित अन्य दस्तावेजों एवं जानकारी का भी परीक्षण किया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण बीज किसानों तक पहुँचाना विभाग की प्राथमिकता है, जिससे उनकी उपज और आय दोनों में वृद्धि हो सके।


