कृषि मंत्री कंसाना ने मटर की फसल का किया निरीक्षण और किसानों से की चर्चा
रतलाम के जावरा से लौटते समय मध्य प्रदेश शासन के कृषि मंत्री श्री ऐदल सिंह कंसाना ग्राम बदनावर पहुंचे, जहां उन्होंने किसान भाइयों से आत्मीय मुलाकात कर उनकी मटर की फसलों का निरीक्षण किया। मंत्री श्री कंसाना ने खेतों में जाकर फसल की स्थिति, उत्पादन क्षमता एवं मौसम के प्रभाव की जानकारी ली।
इस अवसर पर कृषि मंत्री ने किसानों से उनकी समस्याएं सुनीं और खेती से जुड़ी चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि किसानों को समय पर बीज, खाद, सिंचाई एवं तकनीकी सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
श्री कंसाना ने कहा कि प्रदेश सरकार किसान हित में निरंतर कार्य कर रही है और उन्नत कृषि तकनीकों, प्राकृतिक खेती तथा फसल विविधीकरण को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने और सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।



