भावुक और हृदयविदारक दृश्य : रो-रोकर बुरा हाल, बिलख रहे परिवार ...
भोपाल l पॉलिटेक्निक चौराहा क्षेत्र स्थित मानस भवन के पीछे करीब 70 साल पुरानी बस्ती पर आज सुबह छह बजे से प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए झुग्गियां हटाना शुरू कर दिया। पूरे इलाके को पुलिस ने घेरकर सील कर दिया और आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई।
इस बस्ती में आदिवासी परिवार निवास कर रहे थे, इस कार्रवाई से कुल 27 परिवार सीधे प्रभावित हुए हैं और उनके सामने अचानक विस्थापन का संकट खड़ा हो गया है।
कार्रवाई के दौरान मौके पर भावुक और हृदयविदारक दृश्य देखने को मिले। कई परिवार अपने घरों को टूटता देख बिलखते नजर आए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन ने उनकी एक भी नहीं सुनी और पूरी कार्रवाई जल्दबाजी में की गई, जिससे लोगों के घरों के साथ जरूरी सामान और दस्तावेज भी क्षतिग्रस्त हो गए।
खास तौर पर एक स्पोर्ट्स खिलाड़ी का मामला सामने आया, जो रो-रोकर अपनी स्थिति बयां करती रही, लेकिन प्रशासन ने कोई राहत नहीं दी। बताया जा रहा है कि कुछ छात्रों की महत्वपूर्ण परीक्षाएं, जैसे नीट (NEET), भी नजदीक हैं, ऐसे में परिवारों का कहना है कि इस कार्रवाई ने उनके भविष्य पर भी असर डाला है।
कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस नेता पीसी शर्मा और पार्षद शबिस्ता जकी मौके पर पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। दोनों नेताओं ने इसे गरीब और आदिवासी परिवारों के साथ अन्याय बताते हुए कार्रवाई पर सवाल उठाए।


