बुधनी l पान-बेकरी की दुकान पर हुआ एक मामूली विवाद अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया। मौके पर मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और आरोपी प्रतीक पालीवाल ने अचानक धारदार कटर निकालकर हमला बोल दिया। दुकान के आसपास अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।आरोपी प्रतीक पालीवाल शराब के नशे में था। उसने फरियादी और उसके साथियों से कहासुनी के बाद आपा खो दिया। गुस्से में आकर उसने जानलेवा इरादे से धारदार कटर से ताबड़तोड़ वार किए। हमले की बर्बरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और खून से लथपथ हालत में जमीन पर गिर पड़े।रेहटी पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रतीक पालीवाल को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। हमले में घायल लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए भोपाल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग इस तरह की हिंसक वारदात से सहमे हुए हैं।