भोपाल । सूत्रों की माने तो मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी मंत्रियों से उनके विभाग के काम-काज की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है l परफॉर्मेंस के आधार पर ही अब मंत्रिमंडल में जगह मिलेगी या किसी को बाहर जाना पड़ेगा l सूत्रों की माने तो मंत्रियों के विभागों की अंदरुनी रिपोर्ट मुख्य आधार होगी ,साथ ही साथ कौन मंत्री सोमवार ,मंगलवार को मंत्रालय में जनता से मिलता है और कौन नहीं ...? कौन मंत्री नियमित्त अंतराल में प्रभार के जिले में जा रहा है और कौन नहीं..? प्रभार के जिले में भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ,नेताओं से मंत्रियों का तालमेल कैसा है इन सब बातों के आधार पर ही यह तय होगा कि कौन मंत्रिमंडल में रहेगा और कौन बाहर जाएगा l

जानकारी तो यहां तक है कि कुछ मौजूदा मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है, उनकी जगह सीनियर विधायकों को फिर से मौका मिल सकता है l जिन नेताओं के नाम सबसे आगे चल रहे हैं, उनमें पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव,  पूर्व मंत्री अर्चना चिटनिस, रमेश मेंदोला, हरिशंकर खटीक और पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह,बीना विधायक निर्मला सप्रे शामिल हैं l इनमें से कुछ पहले भी मंत्री रह चुके हैं और इनके समर्थक लंबे समय से इन्हें फिर से मंत्री बनाने की मांग कर रहे थे l साथ ही कुछ वरिष्ठ मंत्रियों को केंद्रीय संगठन में जिम्मेदारी देने की भी तैयारी चल रही है l सूत्रों की माने तो मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को फ्री हैंड दिया गया है l