दिल्ली, हरियाणा, झांसी । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रेवाड़ी बेरली के कसेली और झांसी लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उत्तरप्रदेश के झांसी में यूपी के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के साथ रोड शो भी किया। यहां पर मुख्यमंत्री के रोड शो में जनसैलाब उमड़ा पड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव पर लगातार फूलों की बारिश होती रही। इससे पहले झांसी पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. यादव का अभूतपूर्व स्वागत, सत्कार किया गया। इसके बाद दोनों मुख्यमंत्री रथ पर सवार होकर झांसी की गलियों में घूमे। यहां पर हर तरफ मोदी..मोदी.., अबकी बार-400 पार, जयश्रीराम के नारे गूंजते रहे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि देश की आजादी से लेकर अब तक कांग्रेस पार्टी ने हमेशा से उलटे ही काम किए हैं और आज भी उनके नेता इस परंपरा को निभाते चले आ रहे हैं। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा से धर्म का विरोध किया। हम धर्म की बातें करते हैं तो कांग्रेसियों के पेट में दर्द होता है, वे अधर्मी हैं। अंग्रेज चले गए, लेकिन कांग्रेस को छोड़ गए, ये आज भी नहीं सुधरे हैं। सबका साथ-सबका विकास, यह बोलने के लिए नहीं करके दिखाने के लिए है और भाजपा ने यह करके दिखाया है। भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है, जिसमें एक गरीब का बेटा प्रधानमंत्री बनता है, एक गरीब का बेटा मुख्यमंत्री, सांसद, मंत्री बनता है। हरियाणा की धरती हमेशा से वीरों की धरती रही है, आज भी यहां के वीर सीमा रेखा पर जाकर देश की रक्षा कर अपना धर्म निभा रहे हैं।
कांग्रेस को धर्म की बातें चुभती हैं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी और इनके नेताओं को हमारे धर्मों की बातें चुभती हैं। हम मंदिरों, देवी-देवताओं का जयकारा लगाते हैं तो इनको तकलीफें होती हैं। ये बोलते हैं कि भाजपा के लोग धर्म की बातें क्यों करते हैं? कांग्रेस ने हमेशा से सनातन धर्म का विरोध किया है, मंदिरों का विरोध किया है। कांग्रेस ने सोमनाथ के मंदिर का विरोध किया था इसका गवाह इतिहास भी है। कांग्रेस पार्टी 70 वर्षों तक अयोध्या के श्रीराम मंदिर निर्माण में रोढ़ा डालती रही। हिन्दू-मुसलमान को लड़ाकर राजनीति करती रही। इन्होंने श्रीराम मंदिर निर्माण का भी विरोध किया। इससे बढ़कर इन्होंने जो पाप किया है वह भी इतिहास में दर्ज होगा, क्योंकि कांग्रेस और इनके घमंडिया गठबंधन के नेताओं ने श्रीरामलला मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा का आमंत्रण भी ठुकराया था। अब तो देश की जनता ही इन्हें ठुकराने वाली है। अंग्रेज चले गए, लेकिन कांग्रेस को छोड़ गए। ये भी आज उस उल्टे रास्ते पर चलकर अपनी परंपरा को निभा रहे हैं।
हरियाणा की धरती हमेशा से वीरों की धरती रही
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हरिणाया की धरती का अपना इतिहास रहा है। यह धरती महाभारत काल से योद्धाओं की धरती रही है। इसी धरती पर महाभारत का युद्ध हुआ था। जब यहां का इतिहास देखें तो पता चलता है कि देश के अंदर ऐसी कम जगह हैं। यहां के हर घर से कोई ना कोई रणबांकुरा अपने देश की सीमा पर ड्यूटी कर रहा है और देश की रक्षा कर रहा है। हमारे सारे युद्धों में यहां के वीर बांकुरो ने दुश्मनों के दांत खट्टे कर दिए। 1962 के युद्ध से लेकर पाकिस्तान को मारने तक, ऐसा कौन सा पदक है जो यहां के बहादुरों की छाती पर शोभायमान नहीं हुए।
अंग्रेजों और कांग्रेस ने शिक्षा नीति को देवविहीन किया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अंग्रेजों के जमाने से लेकर कांग्रेस के शासनकाल में जब भी शिक्षा नीति में बदलाव हुआ तो इन्होंने हमारी शिक्षा नीति को देव विहीन किया। 1835 में लॉर्ड मैकाले ने जब शिक्षा नीति लागू की, तब उस शिक्षा नीति में से दुर्भाग्य से भगवान श्री कृष्ण और भगवान श्रीराम के सारे अध्यायों को निकालकर शिक्षा नीति को देव विहीन कर दिया। इसके बाद जब अंग्रेज चले गए तो यही काम कांग्रेस ने किया। कांग्रेस ने भी शिक्षा नीति में बदलाव करके पहले ग से गणेश पढ़ाते थे तो उन्होंने ग से गधा पढ़ाना शुरू करवाया।
भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से मिलती है कठिन समय की सीख
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान श्री कृष्ण के जीवन में कष्ट ही कष्ट रहे हैं, लेकिन हर कष्ट के बाद भी कन्हैया, कन्हैया ही रहे है। कालिया नाग को मारकर उसके फन पर नृत्य करने की हिम्मत केवल गोपाल कृष्ण में है। भगवान श्रीकृष्ण ने जन्म से लेकर उनके बड़े होने तक कष्ट ही कष्ट सहे। जेल में उनका जन्म हुआ। बचपन में उन्हें जहर दिया गया, कई राक्षसों को मारने के लिए भेजा गया, लेकिन श्रीकृष्ण का जीवन कठिन समय में जीने की सीख देता है। उन्होंने कंस जैसे महापराक्रमी को मारा और उसके बाद उज्जैन शिक्षा ग्रहण करने के लिए आ गए। भगवान श्रीकृष्ण ने 64 कला, 14 विद्या, 4 वेद, 18 पुराण की शिक्षा ग्रहण की। ऐसा शिक्षार्थी तो कहीं मिलेगा ही नहीं। डॉ. यादव ने कहा कि इससे पहले लाखों साल पहले भगवान श्रीराम हुए और 5000 साल पहले भगवान श्री कृष्ण हुए। एक ने मर्यादा के साथ जीवन जीना सिखाया और दूसरे ने मर्यादा को तोड़ने वालों को लाइन पर लाने का काम किया।
पहले मेहमानों को ताजमहल देते थे, लेकिन अब गीता दी जाती है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पहले जब हमारे देश के दौरे पर अमेरिका के राष्ट्रपति आते थे तो भेंट के रूप में ताजमहल देते थे। आज मुझे खुशी है कि हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदीजी पवित्र गीता का ज्ञान उन्हें भेंट करते हैं। यह है नया भारत, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदीजी का भारत, जिसकी जय-जयकार आज पूरी दुनियां में हो रही है। डॉ. यादव ने कहा कि हम रानी दुर्गावती को याद करते हैं, रानी दुर्गावती ने 300 साल पहले बादशाह अकबर के दांत खट्टे किए। झांसी की रानी ने अंग्रेजों के दांत खट्टे किए। यह पुरुषार्थ की धरती है। अब दुश्मनों के दांत खट्टे करने का काम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदीजी कर रहे हैं। वे दुश्मनों को घर में घुसकर उन्हें सबब सिखा रहे हैं।
सबका साथ-सबका विकास सिर्फ भाजपा में
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जो राम का नहीं, वो किसी काम का नहीं। सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास सिर्फ भाजपा में ही हो सकता है। भाजपा एक ऐसी पार्टी है, जो एक गरीब के बेटे को प्रधानमंत्री बनाती है, एक गरीब के बेटे को मुख्यमंत्री, सांसद और मंत्री बनाती है। सबका साथ सबका विकास, यह बोलने के लिए नहीं करके दिखाने के लिए है और इसे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदीजी ने करके भी दिखाया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हुआ अभूतपूर्व स्वागत, सत्कार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उत्तरप्रदेश के झांसी में आयोजित हुए रोड शो में भी सहभागिता की। इस दौरान उनका अभूतपूर्व स्वागत, सत्कार हुआ। मुख्यमंत्री डॉ यादव झांसी में आयोजित हुए रोड शो में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। रोड शो में भाजपा के वरिष्ठ नेता व मध्यप्रदेश न्यू ज्वाइनिंग टोली के प्रदेश संयोजक डॉ. नरोत्तम मिश्रा एवं पार्टी प्रत्याशी श्री अनुराग शर्मा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के साथ रथ पर सवार होकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान उन पर फूलों की बारिश होती रही। जगह-जगह स्वागत मंच बनाकर मुख्यमंत्री का स्वागत, सत्कार किया गया। इस दौरान उन्होंने भी जनता का अभिवादन स्वीकार किया और स्वागत से भी अभिभूत नजर आए। इस दौरान उन्होंने लोगों से भाजपा के समर्थन में वोट देने की अपील भी की।