भोपाल । भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर लिखा कि नशे के खिलाफ भाषण देने वाली कांग्रेस पार्टी के अंदर ही ड्रग्स रैकेट चल रहा है। उनके अनुसार, यह घटना कांग्रेस की सच्ची पहचान को उजागर करती है। उन्होंने यह भी कहा कि नशे के व्यापार में चाहे कोई भी शामिल हो, सभी पर कार्रवाई होनी चाहिए। दर असल रीवा जिले के सिरमौर विधानसभा क्षेत्र में यूथ कांग्रेस अध्यक्ष अवनीश सिंह के ड्रग्स बेचते कथित वीडियो के वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और विपक्षी पार्टियों ने इसे लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। इस मामले को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की प्रतिक्रिया भी तुरंत सामने आई है l कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि उनके संज्ञान में यह मामला आया और पार्टी ने इस पर तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि अवनीश सिंह को छह साल के लिए निष्कासित किया गया है। जीतू पटवारी ने जोर देकर कहा कि पार्टी नशे के खिलाफ अभियान में सरकार के साथ खड़ी है और इस प्रकार की किसी भी गतिविधि को वह बर्दाश्त नहीं करेगी।