गाय को बेरहमी से टक्कर मारकर घसीटते रहा, तड़पती गाय की अंततः हुई मौत, ग्रामीणों में आक्रोश
थांदला l ग्राम खजूरी में एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई, जिसने मानवता को झकझोर कर रख दिया है। एक बेरहम ट्रैक्टर चालक ने पहले एक गाय को टक्कर मारी और फिर उसे सड़क पर काफी दूर तक बेरहमी से घसीटता रहा। बेजुबान जानवर को तड़पता देख वहां मौजूद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को रुकवाया और कड़ी मशक्कत के बाद गाय को मुक्त कराया। ग्रामीणों के कड़े विरोध को देखते हुए आरोपी चालक मौके से ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। जागरूक नागरिकों ने करीब एक किलोमीटर तक उसका पीछा भी किया, लेकिन वह तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाते हुए भागने में सफल रहा। पशु चिकित्सक डॉ. प्रेम खरे एवं डॉ. मनीष भट्ट ने मौके पर पहुंचकर गाय का गहन उपचार किया और रविवार सुबह भी उसकी देखरेख जारी रही, लेकिन गंभीर चोटों और अत्यधिक पीड़ा के चलते अंततः गोमाता को बचाया नहीं जा सका। गाय की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा और बढ़ गया है। सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर टीआई को आवेदन सौंपा। ग्रामीणों ने मांग की है कि चश्मदीदों के आधार पर आरोपी की तत्काल पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी क्रूरता की पुनरावृत्ति न हो।


