सागर। शराब दुकान के विरोध में महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने उग्र प्रदर्शन करते हुए दुकान में तोड़फोड़ कर दी। जानकारी के अनुसार मोहल्ले में संचालित शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर काफी समय से महिलाएं विरोध कर रही थीं, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से आक्रोश बढ़ गया। रविवार को बड़ी संख्या में महिलाएं दुकान के सामने एकत्रित हुईं और नारेबाजी करते हुए दुकान में घुस गईं। इस दौरान गुस्साई महिलाओं ने शराब की पेटियां बाहर निकालकर तोड़फोड़ की और कुछ पेटियों में आग लगा दी। घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। महिलाओं का कहना है कि शराब दुकान के कारण क्षेत्र में अशांति और घरेलू विवाद बढ़ रहे हैं, इसलिए दुकान को जल्द हटाया जाए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।