MP - विधायक की बेटी ने एक युवक को जूते से मारा..गालीगलौच कर धमकाया भी
देवरी से विधायक बृजबिहारी पटेरिया की बेटी प्रियंका पटेरिया पर एक युवक के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप लगा है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में सियासी माहौल गरमा गया है। पूरा घटनाक्रम इस प्रकार है कि राजेश शर्मा 13 अप्रैल को गौरझामर स्थित बैंक गए थे। राजेश का आरोप है कि बैंक के अंदर उसे संदेश मिला कि विधायक की बेटी प्रियंका पटेरिया बाहर सफेद स्कॉर्पियो में बैठी हैं और उसे बुला रही हैं।राजेश जैसे ही गाड़ी के पास पहुंचा आरोप है कि प्रियंका ने उसके साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। पीड़ित के अनुसार प्रियंका ने उसे जूते से मारा और कहा कि तुम मेरे पापा के खिलाफ काम कर रहे हो। पूरी घटना बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। वीडियो में कथित तौर पर विवाद और धक्का-मुक्की साफ दिखाई दे रही है। राजेश शर्मा ने गौरझामर थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि उन्हें शिकायत प्राप्त हुई है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। दूसरी तरफ विधायक की बेटी ने ऐसे आरोपों से इंकार किया है l


