भोपाल । आपदा प्रबंधन के दौरान महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों एवं अन्य संवेदनशील वर्गों को प्रभावी राहत एवं बचाव सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश राज्य आपदा आपात प्रतिक्रिया बल (SDERF) एवं UN Women के संयुक्त तत्वाधान में राज्य स्तरीय परामर्श का सफल आयोजन किया गया। इस परामर्श का शुभारंभ महानिदेशक, होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन श्रीमती प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव द्वारा किया गया।
परामर्श का आयोजन SDERF एवं UN Women के मध्य हुए एमओयू के अंतर्गत किया गया, जिसमें प्रदेश के सभी संभागों एवं जिलों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ उत्तराखण्ड, बिहार एवं भारतीय सेना के अधिकारियों ने सहभागिता की। इस दौरान आपदा की परिस्थितियों में महिलाओं एवं अन्य संवेदनशील वर्गों को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं त्वरित सहायता प्रदान करने के लिए एक समग्र एवं व्यवहारिक मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार की गई। जिसका विमोचन महानिदेशक, होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन श्रीमती प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव द्वारा किया गया।
इस अवसर पर महानिदेशक श्रीमती प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्‍तव ने कहा कि राहत एवं बचाव कार्य, प्रशिक्षण, मॉक ड्रिल एवं जनजागरूकता गतिविधियों में तैयार SOP का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आपदा के समय प्रत्येक नागरिक, विशेषकर संवेदनशील वर्गों को त्वरित सहायता मिल सके।

UN Women इंडिया की प्रतिनिधि सुश्री सान्या सेठ ने मध्यप्रदेश द्वारा की गई इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रयास राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी एक अनुकरणीय मॉडल बन सकता है। उन्होंने इस विषय में वैश्विक अनुभव साझा करते हुए भविष्य में सहयोग जारी रखने का आश्वासन दिया।
उत्तराखण्ड SDRF की महानिरीक्षक श्रीमती निवेदिता कुकरेती ने अपने राज्य के अनुभव साझा करते हुए बचाव कार्यों में व्यावसायिक दक्षता एवं संवेदनशील दृष्टिकोण के महत्व पर प्रकाश डाला तथा SOP में महिलाओं, बच्चों, दिव्यांगजनों एवं बुजुर्गों के लिए विशेष प्रावधान शामिल करने का सुझाव दिया।
परामर्श के दौरान UNDP, UNICEF एवं DMI के विशेषज्ञों ने भी विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए बहु-विभागीय समन्वय के माध्यम से आपदा प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया।
कार्यक्रम में विशेष पुलिस महानिदेशक श्री अनिल कुमार, ब्रिगेडियर श्री शरद नायर (भारतीय सेना), उप महानिरीक्षक होमगार्ड/SDERF श्री मनीष कुमार अग्रवाल, UN Women की स्टेट लीड सुश्री ज्योत्री राय, UNDP की प्रतिनिधि सुश्री नमन गुप्ता, UNICEF के श्री अनिल गुलाटी एवं DMI मध्यप्रदेश के डॉ. एस.के. जार्ज सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।