भोपाल । मध्यप्रदेश पुलिस की डायल 112 सेवा ने एक बार फिर अपनी सजगता, त्वरित प्रतिक्रिया और मानवीय संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए एक संभावित बड़ी जनहानि को टाल दिया। संकट की घड़ी में सूझबूझ एवं तत्परता से की गई कार्रवाई के परिणामस्वरूप एक गंभीर स्थिति को नियंत्रित कर मरीज की जान सुरक्षित बचाई गई।
सिवनी मालवा से नर्मदापुरम की ओर एक महिला मरीज को लेकर जा रही निजी ओमनी एंबुलेंस में अचानक धुआं उठने लगा, जो शीघ्र ही आग में परिवर्तित हो गया। एंबुलेंस में मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर होने के कारण स्थिति अत्यंत संवेदनशील हो गई। इसी दौरान थाना डोलरिया डायल 112 को वाहन में आग लगने संबंधी सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही थाना डोलरिया पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, जहां एक छोटे ओमनी एंबुलेंस में आग लगी हुई पाई गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मी पास के पेट्रोल पंप से अग्निशामक यंत्र लेकर पहुंचे और त्वरित कार्रवाई करते हुए एंबुलेंस में लगी आग को नियंत्रित किया। साथ ही एंबुलेंस में ऑक्सीजन सपोर्ट पर लेटी महिला मरीज को सावधानीपूर्वक बाहर निकालकर थाना वाहन में सुरक्षित शिफ्ट किया गया। तत्पश्चात 108 एंबुलेंस सेवा को सूचित कर मरीज को उसमें स्थानांतरित करते हुए शीघ्र अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे उसका उपचार समय पर प्रारंभ हो सका। इस पूरी कार्रवाई से एक संभावित गंभीर हादसे और जनहानि को सफलतापूर्वक टाल दिया गया।
उक्त सराहनीय एवं साहसिक कार्य में थाना डोलरिया के प्रधान आरक्षक श्री सुशील कुमार मिश्रा, आरक्षक श्री अजय गुप्ता एवं डायल 112 पायलट सुधीर उइके की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने विषम परिस्थितियों में धैर्य, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया।
पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम श्री साईकृष्ण एस. थोटा ने इस सराहनीय एवं साहसिक कार्य के लिए प्रधान आरक्षक श्री सुशील कुमार मिश्रा, आरक्षक श्री अजय गुप्ता एवं डायल 112 चालक श्री सुधीर उइके को सम्मानित करते हुए उनके कर्तव्यनिष्ठा, त्वरित निर्णय क्षमता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना करते हुये नगद पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रदान कीं।
मध्यप्रदेश पुलिस हर परिस्थिति में आमजन की सुरक्षा, सहायता एवं सेवा के लिए प्रतिबद्ध है तथा आपात स्थितियों में तत्पर, संवेदनशील और प्रभावी पुलिसिंग का निरंतर उदाहरण प्रस्तुत कर रही है—यह है “वर्दी का वादा”।