भोपाल । दमोह जिले के थाना तारादेही क्षेत्र में डायल-112 जवानों की त्वरित प्रतिक्रिया और संवेदनशील कार्यवाही से जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल एक महिला को समय पर अस्पताल पहुँचाकर उपचार दिलाया गया। इस त्वरित सहायता से पीड़िता को समय रहते चिकित्सा सुविधा मिल सकी।
21 अप्रैल को थाना तारादेही अंतर्गत ग्राम सनाई में एक महिला पर उसके पति द्वारा हमला किए जाने की सूचना राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल में प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही डायल-112 एफआरव्ही-19 को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
सूचना प्राप्त होने पर दमोह डायल-112 कंट्रोल रूम में तैनात आरक्षक रामनरेश द्वारा तत्परता से कार्यवाही करते हुए एफआरव्ही को तुरंत मौके पर भेजा गया। घटनास्थल पर पहुँचकर आरक्षक श्री देवकरण एवं पायलट श्री नीरज वर्मा ने बिना समय गंवाए घायल महिला को तत्काल तेंदूखेड़ा अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उसका उपचार जारी है।
डायल-112 जवानों की समयबद्ध कार्रवाई से गंभीर रूप से घायल महिला को शीघ्र चिकित्सा सहायता मिल सकी, जो उसके जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण रही। डायल 112 हीरोज श्रृंखला के अंतर्गत यह घटना दर्शाती है कि मध्यप्रदेश पुलिस की डायल-112 सेवा घरेलू हिंसा, आपराधिक घटनाओं एवं अन्य आपात परिस्थितियों में त्वरित सहायता पहुँचाकर जनजीवन की सुरक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।