पांढुर्णा जिले में 77वां गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2026 को अत्यंत हर्षोल्लास, उमंग और राष्ट्रीय गौरव के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन एमपीएल ग्राउंड, पांढुर्णा में पूरे गरिमामय वातावरण में किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा परेड की सलामी ली।

राष्ट्रीय ध्वज फहराते ही एमपीएल ग्राउंड जन-गण-मन की गूंज से गुंजायमान हो उठा। कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने खुली जीप में पुलिस अधीक्षक श्री सुन्दर सिंह कनेश  के साथ परेड का निरीक्षण किया और सलामी स्वीकार की। इसके पश्चात उन्होंने प्रदेश की जनता के नाम मुख्यमंत्री डॉ. यादव का संदेश उपस्थित जनसमूह के समक्ष वाचन किया।

समारोह के दौरान कलेक्टर श्री वशिष्ठ द्वारा नील गगन में हर्ष और खुशी के प्रतीक रंगीन गुब्बारे छोड़े गए, जिससे पूरा वातावरण उत्साह और उल्लास से भर गया। कार्यक्रम में हर्ष फायर, आकर्षक मार्चपास्ट तथा अनुशासित परेड प्रस्तुत की गई। मार्चपास्ट के उपरांत कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने सभी प्लाटून कमांडरों से परिचय प्राप्त किया।

       रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के मुख्य समारोह में जिले के 9 शैक्षणिक संस्थानों एवं विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा मनोहारी वेशभूषा में आकर्षक एवं देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गईं। प्रतियोगिता में सांदीपनि स्कूल, पांढुर्णा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं गेसंस स्कूल, पांढुर्णा द्वितीय तथा लिटिल फ्लावर स्कूल, पांढुर्णा तृतीय स्थान पर रहा। सांस्कृतिक एवं अन्य प्रतियोगिताओं के विजेताओं को शाम को होने वाले संध्या कार्यक्रम "भारत पर्व" में अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान किए जायेंगे।

 

विभागीय झांकियों के माध्यम से दिखी विकास और जनकल्याण की झलक- समारोह में लगभग 10 विभागों — लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, उद्यानिकी, कृषि, नगरपालिका, जनपद पंचायत, लोक निर्माण विभाग, गवर्नमेंट आईटीआई एवं ऊर्जा विभाग — द्वारा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभागीय कार्यक्रमों पर आधारित आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन किया गया। झांकी प्रतियोगिता में जनपद पंचायत पांढुर्णा को प्रथम पुरस्कार, कृषि एवं नगरपालिका विभाग की झांकियों को संयुक्त रूप से द्वितीय पुरस्कार तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।

 

परेड में दिखा अनुशासन और समर्पण- समारोह में परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक अनीता शिवडे द्वारा किया गया। परेड टू आईसी के रूप में उपनिरिक्ष अनीता सराटे तथा पुरुष वर्ग में जिला पुलिस बल के प्लाटून कमांडर उपनिरीक्ष श्री प्रहलाद बैरागी ने परेड का नेतृत्व किया। उत्कृष्ट परेड प्रदर्शन के लिए कला वाणिज्य महाविद्यालय एनसीसी सीनियर डिवीजन, नगरपालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एनसीसी जूनियर बालिका तथा जिला पुलिस बल पांढुर्णा को पुरस्कृत किया गया।

 

गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति- इस अवसर पर पांढुर्णा विधायक श्री निलेश उइके, पूर्व शिक्षा मंत्री श्री नाना भाऊ मोहोड़, नगर पालिका अध्यक्ष श्री संदीप घाटोड़े, जनपद पंचायत अध्यक्ष पांढुर्णा श्रीमती लताबाई तुमडा़म सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। जिला प्रशासन की ओर से एडीएम श्री नीलमणि अग्निहोत्री, एसडीएम श्रीमती अलका एक्का, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मेघा शर्मा, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रेक्षा पाठक सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकार, छात्र-छात्राएं एवं नागरिकों ने समारोह की शोभा बढ़ाई। समग्र रूप से 77वां गणतंत्र दिवस समारोह देशभक्ति, अनुशासन और विकास के संकल्प का जीवंत प्रतीक बनकर जिलेवासियों के लिए अविस्मरणीय रहा।