कलेक्टर हो तो ऐसा : जब मां जैसे बोलती रही बुजुर्ग महिला, बेटे जैसे सुनते रहे कलेक्टर
कटनी – कलेक्टर श्री आशीष तिवारी जनसुनवाई कार्यक्रम के लिए बड़वारा पहुंचे थे। जनसुनवाई समाप्त होने के बाद जैसे ही कलेक्टर श्री तिवारी तहसील कार्यालय पहुंचे, वैसे ही बड़वारा तहसील कार्यालय की सीढ़ियों में ही कलेक्टर से मिलने की आस में ग्राम भनपुरा निवासी 82 वर्षीय वृद्धा शांति बाई कलेक्टर को खड़ी दिखीं। कलेक्टर श्री तिवारी ज्यों ही वृद्धा के पास पहुंचे, वह उनको अपनी फरियाद सुनाने लगी। महिला मां की तरह बोलती रही और कलेक्टर....बेटे की तरह सुनते रहे। वृद्धा की बात करने का देशी ग्रामीण अंदाज कुछ लोगों को पसंद नहीं आ रहा था। उन्होंने उसे रोकने की कोशिश की।...लेकिन...कलेक्टर श्री तिवारी ने उल्टा उनको ही रोक दिया। कहा...अम्मा को बोलने दो.....। इसके बाद तो वृद्धा ने बेहिचक कलेक्टर को पूरी बात बताई..कहा कि कुछ लोगों ने उसके जमीन पर कब्जा कर लिया है और खेत में लगी मेरी धान की फसल को भी ट्रैक्टर द्वारा खराब कर दी गई है। इस पर कलेक्टर ने मौके पर मौजूद बड़वारा टीआई केके पटेल और नायब तहसीलदार ऋषि गौतम को कार्यवाही कर अम्मा को जमीन का कब्जा दिलाने के निर्देश दिए।



