कोदो की खराब फसल को नष्ट करने के दिए निर्देश
उमरिया । कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन ने समय सीमा की साप्ताहिक बैठक में कोदो की खराब फसल को नष्ट करने के निर्देश दिए है। उन्होने वन विभाग,राजस्व विभाग तथा कृषि विभाग से कहा कि अपने क्षेत्रांतर्गत भ्रमण करे,एवं किसानो को समझाईश दें कि खराब कोदो की फसल को जानवरों से दूर रखें और स्वयं नष्ट करें,ताकि किसी भी प्रकार की पशु हानि से बचा जा सके। उन्होने वन विभाग को निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में हाथियों की मूवमेंट है, वहां पर विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होने उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं से कहा कि कोदो को ग्रहण करने से बीमार हुए जानवरों को समय रहते समुचित उपचार मुहैया कराएं, ताकि किसी भी प्रकार की पशु हानि होने से रोका जा सके। बैठक में सीईओ जिला पंचायत अभय सिंह, ज्वाइंट कलेक्टर रीता डहेरिया,एसडीएम मानपुर टी आर नाग,एसडीएम बांधवगढ कमलेश नीरज, एसडीएम पाली अंबिकेश प्रताप सिंह,डिप्टी कलेक्टर मीनांक्षी इंगले, हरनीत कौर कलसी सहित जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।



