मुरैना कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन और पथराव के मामले में पुलिस ने 85 नामजद उपद्रवियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इन पर बलवा, शासकीय कार्य में बाधा, लोक सेवकों पर हमला समेत 14 धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपियों में पूर्व विधायक अजब सिंह कुशवाहा सहित कुछ भाजपा नेता भी शामिल हैं। प्रदर्शन कुशवाहा समाज द्वारा किया गया था। प्रदर्शन के दौरान लगभग पांच हजार लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की थी। लौटते समय प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बल पर पथराव कर दिया। जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े।