विधानसभा में 13,476.94 करोड़ का अनुपूरक अनुमान पेश
भोपाल l विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को वर्ष 2025-26 के लिए 13 हजार 476.94 करोड़ का द्वितीय अनुपूरक अनुमान बजट पेश किया गया। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने इसे पेश किया। बुधवार को अवकाश होने की वजह से बजट पर गुरुवार को साढ़े तीन घंटे चर्चा होगी। सरकार ने अनुपूरक बजट में राजस्व मद में 8,448.57 करोड़ और पूंजीगत मद में 5,028.37 करोड़ शामिल हैं। यह राशि विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों पर खर्च की जाएगी। सबसे अधिक फोकस ग्रामीण विकास, महिला कल्याण, किसानों और जल संसाधन योजनाओं पर है। अनुपूरक बजट में ग्रामीण विकास विभाग में प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए चार हजार करोड़ रुपए, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के अंतर्गत उपार्जन संस्थाओं के ऋण के लिए पूंजीगत मद में राशि दो हजार करोड़ रुपए, महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत राज्य मद में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना 2023 में 1794 करोड़ का प्रावधान किया गया है।



