स्वच्छता और जनसहभागिता से बदलेगी जिला चिकित्सालय की तस्वीर
रायसेन। शहर के शगुन गार्डन में आज जिला विकास समिति की बैठक नीलेंद्र मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का मुख्य एजेंडा जिला चिकित्सालय रहा, जिसके लिए अस्पताल प्रबंधन समिति का गठन किया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि अस्पताल को बेहतर सुविधायुक्त बनाने के लिए स्वच्छता, जनसहभागिता, प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही, कदंब वृक्षारोपण और संरक्षण अभियान निरंतर जारी रहेगा।
प्रबंधन समिति के सदस्य आशीष गुप्ता ने कहा कि स्वास्थ्य केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज की साझा जिम्मेदारी है।सरकार मुफ्त में दवा और भवन दे सकती है, लेकिन व्यवस्था सुधारना नागरिकों की जवाबदेही है। यदि हम सब मिलकर आगे आएं तो अस्पताल की तस्वीर और तकदीर बदल सकती है।
प्रबंधन समिति के सदस्य वैभव अग्रवाल ने कहा कि जनता को केवल संविधान से मिले अधिकारों पर ही नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक होना चाहिए।
अस्पताल तभी सुविधा युक्त होगा, जब नागरिक इसे अपना मानकर स्वच्छ रखने में सहयोग करेंगे।
प्रबंधन समिति के सदस्य संतोष साहू (ठेकेदार) ने कहा कि यदि प्रशासनिक इच्छाशक्ति और जनसहयोग साथ रहे तो जिला अस्पताल वाकई प्रदेश का मॉडल अस्पताल बन सकता है।
बैठक में दिनेश अग्रवाल, हरीश मिश्र (अध्यक्ष), संघर्ष शर्मा, मनोज कुशवाहा, हरित विश्वकर्मा, अमित ठाकुर, नरेन्द्र महेश्वरी, दीपक ठाकुर, गोपाल साहू, बलवंत सिंह बघेल, नीलेश गोयल, कृष्ण मुरारी सिंह और नवनीत सोनी उपस्थित रहे।


