किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने किया पदभार ग्रहण
भोपाल। भारतीय जनता पाटी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी के पितृ पुरूषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री जयपाल सिंह चावड़ा का पदभार ग्रहण कराया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने पदभार ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों के हित के सभी कार्य भाजपा सरकारों ने किए हैं। किसानों को उनकी उपज के उचित मूल्य और समर्थन मूल्य देने का कार्य भाजपा सरकारों ने किया है। कांग्रेस ने तो किसानों को गोलियों से भूनने का कार्य किया था। किसान मोर्चा किसानों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाकर उनका समाधान कराने की दोहरी जिम्मेदारी निभाए। भाजपा सरकार किसानों के लिए भावांतर सहित जीरो प्रतिशत ऋण सहित अनेकों योजनाएं चला रही है। कार्यक्रम को किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री बंशीलाल गुर्जर, मोर्चे के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी एवं मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्री जयपाल सिंह चावड़ा ने भी संबोधित किया।
किसान मोर्चा कार्यकर्ता किसानों को बताएं कि भाजपा सरकार उनके लिए अनेकों योजनाएं चला रही है
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि किसान मोर्चा के पास दोहरी जिम्मेदारी है। पहली जिम्मेदारी यह है कि वह किसानों की समस्याओं को सुने और उनका शासन-प्रशासन से बात कर हल कराए। किसान मोर्चा की दूसरी जिम्मेदारी यह है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व वाली केंद्र और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा किसानों के कल्याण व आर्थिक विकास के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी किसानों तक पहुंचाएं। किसान मोर्चा को जमीनी स्तर पर ऐसा कार्य करना है कि किसानों को अपनी समस्या को लेकर परेशान न होना पड़े। मध्यप्रदेश में किसानों के हितों को लेकर जितने भी कार्य हुए हैं, योजनाएं बनाई गई हैं, वह सभी कार्य वर्ष 2003 में मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद हुए हैं। वर्ष 2003 से पहले कांग्रेस शासनकाल में किसानों को न तो सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता थी और न ही किसानों को उनकी उपज का समर्थन मूल्य मिलता था। 2003 में मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद किसानों के कल्याण के लिए अनेकों योजनाएं बनाई गईं। किसानों को जीरो प्रतिशत ब्याज दर पर खेती के लिए ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। सिंचाई की क्षमता को सात लाख हेक्टेयर से बढ़ाकर 50 हजार हेक्टेयर से अधिक तक पहुंचाया गया है। कांग्रेस के शासनकाल में किसानों को समर्थन मूल्य नहीं मिलता था। किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य दिलाने के लिए समर्थन मूल्य योजना भाजपा सरकार ने ही शुरू की है।
किसानों को दर्द मिटाने का कार्य कर रही भाजपा सरकार, भावांतर योजना का लाभ किसानों को बताएं
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन के नेतृत्व वाली मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार किसानों का दर्द मिटाने के लिए कार्य कर रही है। सोयाबीन के लिए भावांतर योजना बनाकर किसानों को बड़ी राहत भाजपा सरकार ने दी है। किसान मोर्चा कार्यकर्ता किसानों को बताएं कि भावांतर योजना में प्रति क्विंटल 1300 से अधिक की राशि किसानों को सीधे दी जा रही है। किसानों को फसलों के नुकसान होने पर क्षतिपूर्ति के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने फसल बीमा योजना बनाई। भाजपा सरकारें किसानों के बेहतरी के लिए कार्य कर रही हैं। किसान मोर्चा के सभी कार्यकर्ता किसानों की भलाई, तरक्की और उनके आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कार्य करें। भाजपा संगठन में कोई कार्यकर्ता छोटा या बड़ा नहीं होता, सभी कार्यकर्ता हैं। भाजपा में दायित्व महत्वपूर्ण होता है। भाजपा संगठन ने जिस कार्यकर्ता को जो दायित्व दिया है, उसे सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा व ईमानदारी के साथ निभाएं। किसानों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाकर उनका हल कराएं और भाजपा सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के लिए सेतु का कार्य करें।
विरोधियों की फैलाई नकारात्मकता दूर करने की जिम्मेदारी मोर्चा की- श्री बंशीलाल गुर्जर
किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व सांसद श्री बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि किसानों के जीवन की तरह किसान मोर्चा की भूमिका जिम्मेदारी से भरा है। हमारी केंद्र और राज्य सरकारों ने किसानों की बेहतरी के लिए अद्वितीय काम किया है, लेकिन हमारे विरोधी नकारात्मकता परोस रहे हैं। इस नकारात्मकता को दूर करने की जिम्मेदारी किसान मोर्चा की है। उन्होंने भावांतर योजना का उदाहरण देते हुए कहा कि हमारे विरोधी इस योजना में बुराइयां ढूंढ रहे हैं, लेकिन इसकी अच्छाइयां किसानों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी किसान मोर्चा की है।
भ्रम दूर करने में किसान मोर्चा की बड़ी भूमिका - श्री दर्शन सिंह चौधरी
किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री दर्शनसिंह चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के नेतृत्व में प्रदेश लगातार आगे बढ़ रहा है। विरोधी दल भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, इस भ्रम को दूर करने में किसान मोर्चा की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने नवनियुक्त किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्री जयपालसिंह चावड़ा को शुभकामनाएं देते हुए मोर्चा कार्यकर्ताओं को उनके कार्यकाल में सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
पार्टी से किसानों को जोड़ेंगे, योजनाओं का लाभ नीचे तक पहुंचाएंगे-श्री जयपालसिंह चावड़ा
किसान मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्री जयपालसिंह चावड़ा ने कहा कि मेरे जैसे सामान्य कार्यकर्ता को मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाकर पार्टी ने मुझे बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। भाजपा की डबल इंजन की सरकारों ने किसानों के लिए जो काम किए हैं, वो बीते 70 सालों में किसी सरकार ने नहीं किया। हमें कांग्रेस सरकारों के समय का वह दौर याद है, जब बैंक किसानों के मवेशी खींचकर ले जाते थे। लेकिन आज किसान खुशहाल हैं। हमें किसानों को तुलनात्मक रूप से कांग्रेस के समय की तथा आज की स्थिति बताना है। उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा आप सभी के सहयोग से सरकार की योजनाओं को किसानों तक पहुंचाएगा और उन्हें पार्टी से जोड़ने का काम करेगा।



