क्षेत्र के विकास के लिए सड़क, बिजली और पानी की कोई कमी नहीं रहने दूंगा – कृषि मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना
मुरैना /प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना ने सुमावली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत होलापुरा और तोरखेड़ा में कुल 3 करोड़ 13 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाली 3.2 किलोमीटर लंबी दो सड़कों का भूमिपूजन किया।
इस अवसर पर जनपद पंचायत मुरैना के अध्यक्ष श्री मोहर सिंह कंषाना, समाजसेवी श्री नरेन्द्र सिकरवार, दोनों पंचायतों के सरपंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कृषि मंत्री श्री कंषाना ने ग्राम पंचायत तोरखेड़ा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कहा कि 198 लाख रुपये की लागत से 1.70 किलोमीटर लंबी तोरखेड़ा से गोटियापुरा मार्ग का भूमिपूजन किया गया है। इस सड़क के निर्माण से ग्रामीणों को सुगम आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी तथा क्षेत्र का सामाजिक और आर्थिक विकास गति पकड़ेगा।
उन्होंने कहा कि “मेरे क्षेत्र में विकास कार्यों की कोई कमी नहीं रहेगी। सड़क, बिजली और पानी मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि सुमावली क्षेत्र सर्वांगीण विकास की दिशा में अग्रसर हो।”
मंत्री श्री कंषाना ने आगे कहा कि आगामी समय में ग्रामों की गलियों और मोहल्लों में सीसी रोड और खरंजे का निर्माण कराया जाएगा, जिससे न केवल आवागमन सुलभ होगा, बल्कि स्वच्छता और सुंदरता में भी वृद्धि होगी।
हेतमपुर से होलापुरा मार्ग का भूमिपूजन
कार्यक्रम के दूसरे चरण में कृषि मंत्री श्री कंषाना ने ग्राम पंचायत हेतमपुर में हेतमपुर से होलापुरा तक बनने वाली सड़क का भूमिपूजन किया। यह सड़क 115 लाख रुपये की लागत से 1.50 किलोमीटर लंबी बनाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सुमावली विधानसभा क्षेत्र के लिए 125 करोड़ रुपये की लागत से 70 सड़कों की स्वीकृति प्रदान की गई है। आगामी दिनों में इन निर्माण कार्यों के पूर्ण होने पर क्षेत्र की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी।मंत्री श्री कंषाना ने कहा कि “मैं क्षेत्र की जनता को आश्वस्त करना चाहता हूं कि आने वाले समय में यहां की किसी भी बस्ती या गली में 10 फीट भूमि भी बिना खरंजे के नहीं रहेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मैं इस क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करता रहूंगा।”



