कोदो-कुटकी की बोनी का किया गया प्रदर्शन

जबलपुर l संभाग स्तरीय अंतरराष्ट्रीय लघु धान्य वर्ष-2023 के तहत आज सोमवार विकासखंड कुंडम के ग्राम मढईकला में आत्मा परियोजना एवं किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा कोदो कुटकी की नारी हल से बोनी का सफल प्रदर्शन किसानो के खेत पर किया गया। परियोजना संचालक आत्मा डॉ एस के निगम के अनुसार बोनी के लिए दो नाली सिस्टम तैयार किया गया। इस यंत्र के माध्यम से बोनी करने से किसानों को खरपतवार से आने वाली समस्या से निजात मिलेंगी इसमें बीज़ की मात्रा भी कम लगेगी, साथ ही समय की बचत भी होगी। कोदो कुटकी की बोनी के सफल प्रदर्शन के बाद ग्राम मढ़ईकला में ही संगोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें संयुक्त संचालक कृषि द्वारा कोदो-कुटकी की अधिक उपज लेने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। संगोष्ठि में कृषि यंत्री श्री चौरसिया ने कृषि यंत्रों की आवश्कता पर प्रकाश डाला। सहायक कृषि यंत्री श्री मेहरा द्वारा बोनी का प्रदर्शन किया गया। परियोजना संचालक आत्मा डॉ एस. के. निगम द्वारा किसानों को बताया गया कि आगामी खरीफ में कोदो, कुटकी की नई किस्म उपलब्ध करायी जायेगी। उप परियोजना संचालक उमेश कुमार कटहरे द्वारा लघु धान्य मूल्य संवर्धन से अधिक लाभ लेने के सबन्ध में जानकारी दी गई। संगोष्ठी के बाद ग्राम मढ़ईकला में लघु धान्य फसलों के बारे जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।