हरदा / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अगुवाई में प्रदेश भर में जल गंगा संवर्धन अभियान के माध्यम से सरकार और समाज के द्वारा पुरानी जल संरचनाओं में जल भरण, जल के प्रबंधन तथा नई जल संरचनाओं के निर्माण का कार्य किया जा रहा है। जल के बिना जीवन की परिकल्पना शून्य है और इसके बिना न तो कृषि संभव है, न ही उद्योग, और न ही हमारी दैनिक आवश्यकताएँ पूरी हो सकती हैं। जल का संरक्षण करना हम सभी का कर्तव्य है। जिले की जनपद पंचायत हरदा के ग्राम झालवा निवासी किसान अमरसिंह निर्भयसिंह को जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत नवीन खेत तालाब उपहार में मिला। खेत तालाब बनने से अब अमरसिंह को फसल की सिंचाई के लिए वर्षा का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। खेत तालाब का निर्माण होने से अमरसिंह बहुत खुश है। अमरसिंह की आर्थिक स्थिति इतनी अच्छी नही थी कि वह फसलों की सिंचाई या अन्य कार्य के लिए सिंचाई का साधन जुटा सके। अमरसिंह बताता है कि खेती का कार्य पूरी तरह वर्षा जल पर निर्भर था, जिस वर्ष अच्छी बारिश नहीं होती थी, उस वर्ष सिंचाई का साधन न होने के कारण फसलें सूख जाती थी। खेत तालाब का निर्माण हो जाने से अब उसे इस चिंता से मुक्ति मिल गई है। इसके लिए वह प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का दिल से आभार व्यक्त करता है।