किसानों को नरवाई प्रबंधन एवं कीट नियंत्रण संबंधी परामर्श
सीहोर l कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा जिले के विभिन्न गांवों में जाकर कृषकों को महत्त्वपूर्ण सुझाव एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है। इस संबंध में कलेक्टर श्री बालागुरू के. द्वारा कृषि अधिकारियों को निर्देश दिये कि वो गांवों में जाकर किसानों की सोयाबीन फसल देखे और किसानों को सलाह दे। उप संचालक कृषि श्री आशोक कुमार उपाध्याय के निर्देश पर समस्त विकासखण्डों के कृषि विस्तार अधिकारियों AEO द्वारा गांवों में जाकर कृषकों को महत्त्वपूर्ण सुझाव एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा हैऔर किसानों से नरवाई नहीं जलाने की अपील करते हुए बताया कि नरवाई जलाने से भूमि की उर्वरकता घटती है तथा पर्यावरण प्रदूषण की गंभीर समस्या उत्पन्न होती है। इसके स्थान पर किसानों को नरवाई प्रबंधन के वैकल्पिक उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
कृषि अधिकारियों द्वारा किसानों को यह भी समझाइश दी गई कि फसलों में कीट प्रकोप दिखाई दे तो उसका समय पर नियंत्रण आवश्यक है। इसके लिए कृषि विस्तार अधिकारियों AEO ने विभिन्न ग्रामों में भ्रमण कर कृषकों को कीट प्रबंधन संबंधी जानकारी दी तथा खरीफ फसलों जेसे की सोयाबीन, मक्का में कीट नियंत्रण एवं प्रबंधन उपायों पर विशेष परामर्श प्रदान किया। कृषि अधिकारियों द्वारा जिले के विभिन्न ग्रामों में किसान संगोष्ठियों का आयोजन कर वैज्ञानिक विधियों से फसल सुरक्षा के उपाय बताए गए। इसी क्रम में ग्राम भाडाखेड़ी, हाजीपुर, जस्सूपुरा, झरखेड़ा, भऊखेड़ी, लोदिया, बमूलिया रायमल, सामरदा, सेवनिया, हालियाखेड़ी, हीरापुर, नौगांव एवं जाजना में खेतों का निरीक्षण किया गया। वहाँ सोयाबीन फसल का परीक्षण कर किसानों को कीट प्रबंधन की जानकारी दी गई तथा जहाँ फसल कीटव्याधि के कारण प्रभावित है वहाँ जीटी प्वाइंट तैयार किए गए। कृषकों को सुझाव दिया गया कि वे नियमित रूप से अपने खेतों का निरीक्षण करें तथा कीट प्रबंधन के लिए वैज्ञानिक उपाय अपनाएँ, जिससे फसल उत्पादन में वृद्धि सुनिश्चित हो सके l


