कीटनाशक अधिनियम का उल्लंघन करने पर कीटनाशक प्रतिष्ठान को किया सील
रायसेन कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा के निर्देशानुसार तथा उपसंचालक कृषि श्री केपी भगत के मार्गदर्शन में सोमवार को जिला मुख्यालय रायसेन में कीटनाशक गुण नियंत्रण हेतु विशेष अभियान चलाया गया। जिसके तहत रायसेन में जिला स्तरीय जांच दल द्वारा विभिन्न कीटनाशक औषधि विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया तथा उनके स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया। इसी कड़ी में पटेल ब्रदर्स बीज भंडार, किसान एग्रो एजेंसी, गौर एग्रो एजेंसी, लक्ष्मी इंटरप्राइजेज एवं विधि कृषि सेवा केन्द्र रायसेन का निरीक्षण किया गया एवं नियमानुसार व्यापार करने हेतु निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान कीटनाशक अधिनियम 1968 का उल्लंघन पाए जाने पर मेसर्स पटेल ब्रदर्स बीज भंडार रायसेन के प्रतिष्ठान को सील किया गया। इसके अतिरिक्त लक्ष्मी इंटरप्राइजेज रायसेन का लायसेंस निलंबित किए जाने, विधि कृषि सेवा केन्द्र और गौर एग्रो एजेंसी रायसेन को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने की कार्यवाही की जा रही है। सात दिवस के अंदर संतोषजनक उत्तर प्राप्त नहीं होने की स्थिति में जारी कीटनाशक लाइसेंस निलंबन/निरस्तीकरण की कार्यवाही की जाएगी। विभाग की ओर से किसानों को उत्तम गुणवत्ता का कृषि आदान उपलब्ध हो सके इस हेतु अभियान चलाया जाकर निरीक्षण किया जा रहा है। जांच दल में सहायक संचालक श्री जितेन्द्र कुमार नामदेव, सहायक संचालक श्री दुष्यंत कुमार धाकड, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री केके ठाकुर एवं प्रभारी वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री एसके त्रिपाठी उपस्थित रहे।



