ऋषि नगर से गुजराती कॉलोनी तक 2.88 करोड़ की लागत से बनेगी सड़क
भोपाल l पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने गोविंदपुरा क्षेत्र के वार्ड 52 में 3 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। उन्होंने 2 करोड़ 88 लाख की लागत से ऋषि नगर से गुजराती कॉलोनी तक बनने वाली सड़क का भूमिपूजन किया।
राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने कहा कि बाबूजी (स्व. श्री बाबूलाल गौर) की प्रेरणा से गोविंदपुरा विधानसभा में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। जनता के प्यार और आशीर्वाद के चलते ही क्षेत्र में विकास कार्यों की गंगा बह रही है। उन्होंने कहा कि सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय सीमा में पूर्ण किए जाएं।
राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने तिलक नगर में 22 लाख की लागत से आईसीसी सड़क का भूमिपूजन किया। रोहित नगर फेज 1 में 5 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड़ निर्माण और गैलेक्सी अपार्टमेंट में 3.5 लाख की लागत से सीसी सड़क का निर्माण किया जाएगा। क्षेत्र में 16 लाख की लागत से स्ट्रीट लाइट्स भी लगाई जाएंगी। कार्यक्रम में श्रीमती मोनिका ठाकुर, पार्षद श्रीमती शीला पाटीदार, श्री प्रताप वारे, श्री रामबाबू पाटीदार, श्री जितेन्द्र शुक्ला, श्री प्रदीप पाठक, श्री धर्मेंद्र पाटीदार समेत स्थानीय रहवासी भी मौजूद रहे।



