भाजपा आज मनाएगी किसान सदस्यता दिवस

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के संगठन पर्व के तहत रविवार, 15 सितंबर को मध्यप्रदेश में किसान सदस्यता दिवस मनाया जाएगा। किसान सदस्यता दिवस पर भाजपा वृहद स्तर पर किसानों को सदस्यता दिलायेगी। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं संगठन पर्व के राष्ट्रीय संयोजक श्री विनोद तावड़े इंदौर जिले के सांवेर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा देवास, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह सीहोर, केंद्रीय मंत्री श्री वीरेन्द्र कुमार खटीक रीवा व प्रदेश महामंत्री, संगठन पर्व के प्रदेश संयोजक व विधायक श्री भगवानदास सबनानी नरसिंहपुर में किसानों व ग्रामीणों को भाजपा की सदस्यता दिलाएंगे। इसके साथ ही भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता, प्रदेश शासन के मंत्री, पार्टी पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि अलग-अलग क्षेत्रों में किसान सदस्यता दिवस में शामिल होकर किसानों व ग्रामीणों को भाजपा परिवार का सदस्य बनाएंगे।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश ने संगठन पर्व के अंतर्गत रविवार, 15 सितंबर को किसान सदस्यता दिवस मनाने का निर्णय लिया है। रविवार को ग्रामीण क्षेत्रों के हमारे कार्यकर्ता, किसान मोर्चा, सहकारिता प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता, जिला पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्य, जनपद पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्य, ग्रामीण क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और पार्टी का पूरा संगठन तंत्र मैदान में उतरेगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भाजपा के सभी पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता प्रदेश के एक-एक बूथ पर पहुंचकर किसानों और ग्रामीणों को भाजपा का सदस्य बनाएंगे। भाजपा ने ग्रामीण क्षेत्र के हर बूथ पर रविवार को 100-100 सदस्य बनाकर संगठन पर्व में नया इतिहास बनाएंगे।