आधुनिक तकनीकों ने बदली किसान श्री केहर सिंह चौहान की जिंदगी
टीकमगढ़ जिले के विकासखंड बल्देवगढ़ के ग्राम बनपुरा खुर्द के प्रगतिशील किसान श्री केहर सिंह चौहान ने आधुनिक खेती अपनाकर यह साबित कर दिया है कि सही मार्गदर्शन और नई तकनीकों के उपयोग से खेती को लाभकारी व्यवसाय बनाया जा सकता है। पहले वे परंपरागत तरीके से एक एकड़ में गेहूं की खेती करते थे, जिससे लगभग छह माह में केवल 30 से 35 हजार रुपये की आय होती थी। सीमित आमदनी के कारण परिवार की जरूरतों को पूरा करना कठिन हो रहा था।
इसके बाद उन्होंने उद्यानिकी विभाग की प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना एवं कृषि विभाग की आत्मा योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण और तकनीकी मार्गदर्शन प्राप्त किया। राज्य के बाहर कृषि भ्रमण के दौरान उन्होंने तरबूज सहित उद्यानिकी फसलों की उन्नत खेती के बारे में जानकारी ली। वापस आकर उन्होंने अपने खेत में ड्रिप सिंचाई एवं मल्चिंग तकनीक का उपयोग करते हुए तरबूज की खेती शुरू की।
आधुनिक तकनीकों के उपयोग से मात्र दो माह में ही एक एकड़ से लगभग 2 लाख रुपये की आय प्राप्त हुई। इससे उनकी आर्थिक स्थिति में बड़ा बदलाव आया। अब वे लगभग 8 एकड़ भूमि पर तरबूज, टमाटर, बैंगन और ककड़ी जैसी उद्यानिकी फसलों की खेती कर रहे हैं। उनके खेत से सीधे उत्पाद की बिक्री हो रही है तथा लगभग 10 लोगों को रोजगार भी मिल रहा है।
श्री केहर सिंह चौहान आज क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए प्रेरणा बन गए हैं। उनका मानना है कि सरकार की योजनाओं का लाभ और आधुनिक तकनीकों का उपयोग किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।


