विभाजन विभीषिका दिवस पर हर जिले में होंगे कार्यक्रम, लगेगी प्रदर्शनी

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूरे प्रदेश में हर-घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत 14 अगस्त को पूरे प्रदेश में विभाजन विभीषिका दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान प्रत्येक जिले में चित्र प्रदर्शनी एवं डाक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया जाएगा।
भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश महामंत्री, सांसद व कार्यक्रम की संयोजक सुश्री कविता पाटीदार ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के पूर्व 14 अगस्त को देश का विभाजन हुआ था। इस दौरान भड़की हिंसा में करोड़ों परिवारों को विस्थापन का दर्द झेलना पड़ा था, लाखों लोगों की नृशंस हत्याएं कर दी गई थी और हजारों माता-बहनों के साथ अमानवीय कृत्य किए गए थे। लेकिन विभाजन से जुड़ी त्रासद घटनाओं के बारे में आज की युवा पीढ़ी को जानकारी नहीं है। देश के युवाओं को इस संबंध में शिक्षित करने के लिए ही प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान पर 14 अगस्त को पूरे देश में विभाजन विभीषिका दिवस मनाया जाता है। मध्यप्रदेश में भी भारतीय जनता पार्टी द्वारा 14 अगस्त को प्रदेश के प्रत्येक जिले में विभाजन विभीषिका दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। विभाजन की त्रासदी को प्रदर्शित करने वाली चित्र प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। साथ ही विभाजन की विभीषिका पर केंद्रित डॉक्यूमेंट्री फिल्मों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।