रीवा l एससी, एसटी और ओबीसी संगठनों द्वारा यूजीसी के समर्थन में चल रहे धरना-प्रदर्शन के दौरान  कलेक्ट्रेट परिसर में विवादित और शर्मनाक घटना सामने आई। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताते हुए एक कुत्ते के गले में ज्ञापन लटका दिया और उसे कलेक्ट्रेट परिसर में छोड़ दिया।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को “कुत्तों” की संज्ञा देते हुए यह कदम उठाया, जिससे मौके पर मौजूद अधिकारियों और आम नागरिकों में नाराजगी देखी गई।
बताया जा रहा है कि अपर कलेक्टर और एसडीएम ज्ञापन लेने के लिए काफी देर तक इंतजार करते रहे, लेकिन प्रदर्शनकारी कलेक्टर को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने के बावजूद प्रदर्शनकारी नहीं माने।
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। आम लोगों को भी असुविधा का सामना करना पड़ा।
 प्रशासन अब इस मामले को गंभीरता से ले रहा है। सूत्रों के अनुसार, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और जिम्मेदार लोगों की पहचान की जा रही है।