भोपाल l आज 2024-25 के आय व्यय का लेखानुदान पेश होने के बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर रखे गए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हुई। इस चर्चा का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जवाब दिया। सीएम ने कहा कि सदन में तीन बड़ी उपलब्धि बताता हूं। अयोध्या में भगवान श्रीराम का मंदिर बनना हमारा सौभाग्य है। उज्जैन से भी भगवान राम का खास रिश्ता है। मोदी सरकार ने पांच भारत रत्न दिए। उसके लिए मैं पीएम मोदी जी का आभार व्यक्त करता हूं। कांग्रेस ने तो पूर्व पीएम स्व. नरसिंह राव को कभी सम्मान नहीं दिया। भारत रत्न भारत वर्ष का सर्वोच्च सम्मान है। पीएम मोदी राव जैसे योग्य व्यक्तियों को ढूंढ ढूंढ़ कर सम्मानित कर रहे हैं। इस पर नेता प्रतिपक्ष ने टिप्पणी की। जिस पर सत्ता पक्ष ने आपत्ति जताते हुए हंगामा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपनेता प्रतिपक्ष पद कहां से आता है यह मुझे समझ नहीं आया। सदन में उपनेता प्रतिपक्ष का नया अविष्कार कहा से हुआ। इस पर उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने कहा कि विधानसभा में पारित हुआ है। आपको जरूरत हो तो उपलब्ध करा दें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा प्रदेश के विकास की नई इबादत लिखेंगे। इस वर्ष गुड़ी पड़वा पूरे प्रदेश में मनाएंगे। प्रदेश सरकार गरीबों का युवाओं का कल्याण किसानों की भलाई और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कार्य करेगी। जननी एक्सप्रेस योजना में वाहन बढ़ाए जाएंगे। अग्नि वीर योजना में 360 घंटे प्रशिक्षण योजना संचालित करेंगे। वीर भारत संग्रहालय के माध्यम से सांस्कृतिक धरोहर से जनता को अवगत करवाएंगे। वर्ष 2028 के सिंहस्थ में दुनिया भर के तीर्थयात्री आएंगे। इस आयोजन को अधिक से अधिक सफल बने इस दिशा में भी सरकार काम कर रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटना, तीन तलाक खत्म होना और श्रीराम मंदिर का फैसला असंभव था। लेकिन असंभव को संभव को बनाने का काम मोदी जी ने किया है। जब नीयत, नीति साफ हो, मन साफ हो और काम करने का यश अच्छा हो तो ऐसा निर्णय आता है। जो भगवान श्रीराम के मामले में हुआ। पूरे देश में कहीं कोई दंगा नहीं हुआ, सारे धर्म के लोग मिलकर भगवान श्रीराम की जय जयकार में शामिल हुए।