दमोह शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत मलैया मिल स्थित ओजस्विनी स्कूल के बाहर शुक्रवार को 10वीं कक्षा के छात्र पर चाकू से किए गए जानलेवा हमले के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से शहर में सनसनी फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दमोह जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर लोगों में डर का माहौल है। पिछले 48 घंटों में जिले में यह पांचवीं हत्या की वारदात सामने आई है। हरदुआ में पत्थर पटककर हत्या सड़क किनारे मिला शव, कलुआ में 5 वर्षीय मासूम की पत्थर पटककर हत्या, हथना में गोली मारकर चपरासी की हत्या, बीते दिन दिन दिल दहला देने वाली समन्ना मेंहुई 16 वर्षीय मासूम की हथौड़ा और रॉड मारकर हत्या की घटना सहित छात्र की चाकू मारकर हत्या से दमोह दहल उठा। एक सप्ताह के भीतर आधा दर्जन से अधिक हत्याएं हो चुकी हैं। ऐसे में आम नागरिकों के बीच खौफ है और लोग पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।