रतलाम में जिला सलाहकार समिति की बैठक में बतौर प्रभारी मंत्री के रूप में मौजूद मंत्री विजय शाह ने राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी लाड़ली बहना योजना की महिला हितग्राहियों को खुले मंच से धमकी दे डाली। उन्होंने कहा कि सरकार करोड़ों रुपए दे रही है, इसलिए लाड़ली बहनों को मुख्यमंत्री का सम्मान करने आना चाहिए। मंत्री ने कहा, जो सम्मान करने आएंगी, उनके 250 रुपए बढ़ा देंगे, जो नहीं आएंगी, उनकी जांच पेंडिंग कर देंगे। मतलब वो पेंडिंग हो ही जाएंगी। फिर सब आएंगी। उन्होंने यह बयान 13 दिसंबर, शनिवार को आयोजित बैठक में दिया हैं।मंत्री शाह ने आगे कहा कि जो सरकार गरीब बहनों के जीवन में खुशहाली ला रही है, कम से कम दो साल में एक बार सम्मान में तो आ सकती है, और नहीं तो फिर जिनके 250 रुपए बढ़ रहे हैं, भोजन हम करा देंगे। जो नहीं आएंगी, फिर देखते हैं, जिनके ढाई-ढाई सौ बढ़ रहे हैं, उनकी जांच करेंगे। किसी का आधार लिंक नहीं है तो जांच थोड़ी पेंडिंग कर देंगे। हम ज्यादा परेशान भी नहीं करना चाहते है।