भारी रोष और आक्रोश को कम करने के लिए विधायक जी ने की मार्मिक अपील
#अपील
मेरे प्रिय बिजावर क्षेत्रवासियों और परिवारजनों,
पिछले 24 घंटों में सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो के कारण आप सभी के मन में जो भारी रोष और आक्रोश है, उस भावना का मैं सम्मान करता हूं। आपके इस अपार स्नेह और मेरे प्रति आपकी संवेदनशीलता ही मेरी असली ताकत है। परंतु, मैं आप सभी से करबद्ध प्रार्थना करता हूं कि कृपया विचलित न हों और धैर्य बनाए रखें।
हमारे देश में संविधान और कानून सर्वोपरि है। जिस व्यक्ति ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया है, प्रशासन और पुलिस उस पर पूरी निष्पक्षता के साथ नियमानुसार कार्रवाई कर रहे हैं। हमें कानून को अपना काम करने देना चाहिए। उक्त व्यक्ति को मैं कई वर्षों से जानता हूँ, उसकी मानसिक स्थिति स्थिर नहीं है। पूर्व में भी वह अपने परिजनों के साथ भी इस तरह से गाली गलौज कर चुका है। ऐसे व्यक्ति के प्रति क्रोध पालना उचित नहीं है। एक जनप्रतिनिधि के रूप में मेरा मानना है कि गलतियों का सुधार कानून के जरिए होना चाहिए, न कि आवेश के जरिए।
बिजावर की जनता अपनी शालीनता और संस्कार के लिए जानी जाती है। हम किसी की अभद्रता का उत्तर अभद्रता से नहीं देंगे। मेरे पुत्र धनंजय और मेरे प्रति आपका जो प्रेम है, वह किसी के अपशब्दों से कम नहीं होने वाला। मेरी आप सभी समर्थकों और शुभचिंतकों से विनती है कि क्षेत्र में शांति बनाए रखें। किसी भी प्रकार के उग्र प्रदर्शन या सोशल मीडिया पर जवाबी हमले से बचें।
"लोकतंत्र में कानून, न्यायालय और पुलिस प्रशासन इसीलिए हैं ताकि न्याय की मर्यादा बनी रहे। मैं उस व्यक्ति के प्रति कोई व्यक्तिगत द्वेष या गिला-शिकवा नहीं रखता हूं, क्योंकि अज्ञानता और मानसिक अस्थिरता में व्यक्ति अपना विवेक खो देता है।"
आपका अपना,
राजेश शुक्ला 'बबलू'
विधायक, #बिजावर_विधानसभा



