महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति सजग, विपक्ष को सिखायेंगी सबक
भोपाल । भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती अश्विनी परांजपे ने आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में महिला मोर्चा 28 अप्रैल, मंगलवार को भोपाल में मशाल जुलूस निकालेगा। मशाल जुलूस में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल, मध्यप्रदेश शासन की महिला मंत्री, सांसद एवं विधायक बहनें, महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बहनें शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि सोमवार को महिला मोर्चा की बहनों ने विधानसभा के विशेष सत्र की कार्यवाही का अवलोकन कर लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को समझा। महिला नेत्रियों ने संकल्प लिया कि सभी बहनें लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए देश की आधी आबादी को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगी।
मशाल जुलूस में शामिल होंगे मुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व पदाधिकारी बहनें
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती अश्विनी परांजपे ने कहा कि मंगलवार 28 अप्रैल को सायं 5 बजे महिला मोर्चा द्वारा भोपाल में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। मशाल जुलूस सोमवारा पुलिस चौकी से प्रारंभ होकर सुभाष चौक होते हुए लखेरापुरा पहुंचेगा। मशाल जुलूस में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल, मध्यप्रदेश शासन की महिला मंत्री, सांसद व विधायक बहनें, महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल होंगी। इस आयोजन के माध्यम से महिला मोर्चा यह संदेश देगा कि मध्यप्रदेश सहित देश की बहनें अपने अधिकारों के प्रति सजग हैं और महिलाओं के अधिकारों में रोड़ा अटकाने वाले विपक्षी दलों को देश की नारी शक्ति सबक सिखाने को तैयार है।
महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति सजक, विपक्षी दलों को सिखाएंगी सबक
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती अश्विनी परांजपे ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश की संसद और राज्यों की विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए लाए गए ‘नारी शक्ति वंदन‘ अधिनियम का विरोध महिलाओं के अधिकार और सम्मान का हनन है। कांग्रेस और विपक्षी दलों ने संसद में इस अधिनियम को पारित नहीं होने दिया। कांग्रेस और विपक्षी दलों ने ‘नारी शक्ति वंदन‘ अधिनियम का विरोध कर महिलाओं का अधिकार छीना है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में महिलाओं को अधिकार संपन्न बनाकर देश की तस्वीर और तकदीर बदलने का बड़ा प्रयास था, जिसे कांग्रेस और विपक्षी दलों ने पूरा नहीं होने दिया।


